फरीदपुर, बरेली। पीतांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर गन्ने की भरी ओवरलोड ट्राली पलट गई। ट्राली पलटने से बूम टूट गया और गन्ना ट्रैक पर पर बिखर गया। इस वजह से ट्रेनों का संचालन दो घंटे तक ठप रहा। इस कारण शनिवार को पूरे दिन बुखारा रोड पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। शनिवार की सुबह सात बजे दो ट्रेनें निकलने के बाद गेटमैन अरुण कुमार ने पीतांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग को खोला। क्रासिंग खुलने के बाद दोनो ओर के वाहन निकल रहे थे। इसी दौरान गन्ने से भरी ट्राली ट्रैक पर पलट गई। ट्राली पलटने से भगदड़ मच गई। गेटमैन ने पीतांबरपुर स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना दी। इसके बाद आननफानन मे टीम को भेजा गया। टीम ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नौ बजे ट्राली को हटाकर ट्रैक को चालू किया। इस दौरान बरेली से लखनऊ को जा रही एक्सप्रेस ट्रेन को रसुईया स्टेशन पर रोक दिया गयाा। वही लखनऊ से बरेली जा रही स्पेशल ट्रेन को पीतांबरपुर रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। पीतांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग के गेट को ठीक करने के लिए इंजीनियरों की टीम को बुलाया गया। दोपहर 2:40 बजे इंजीनियरों ने गेट को ठीक किया। इस दौरान इमरजेंसी स्लाइडिंग गेट को बंद करके ट्रेनों को कॉशन देकर निकाला गया।।
बरेली से कपिल यादव
