बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। नगर पंचायत की नाला सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सफाई के दौरान बुलडोजर (बैकहोलोडर) से नाले की दीवार और आसपास का निर्माण क्षतिग्रस्त होने के बाद मलबा बिखरा पड़ा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले की सफाई के बजाय कई स्थानों पर अनावश्यक तोड़फोड़ की गई, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी जितेंद्र मौर्य ने बताया कि उनके घर के सामने नाले के स्लैब हटाने के बाद आसपास का निर्माण भी. क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उनका कहना है कि सफाई के लिए स्लैब हटाना अलग बात है, लेकिन निर्माण को तोड़ने की आवश्यकता नहीं थी। कार्रवाई के बाद मलबा फैल गया और आवागमन प्रभावित हुआ। नाला सफाई की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जब दिन में सफाई की गई थी, तो रात में दीवार तोड़ने की आवश्यकता क्यों पड़ी ? सफाई कार्य के दौरान अपनाई गई शैली भी संदिग्ध है। यदि जिलाधिकारी के निर्देश पर सफाई की जा रही थी, तो बीच-बीच मे हिस्से छोड़कर क्यों काम किया जा रहा है? स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूरे नाला सफाई अभियान की जांच कराई जाए और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस मामले में नगर पंचायत ईओ को कई बार फोन किया गया लेकिन उनका फोन नहीं उठा। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष ने इस बारे में कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया है।।
बरेली से कपिल यादव
