दीपक के रोमानिया में होने की मिली सूचना, सकुशल भारत लाए जाने की मांग

बरेली। यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर रविवार को भारतीय क्रू मेंबर वाले व्यापारी जहाज पर हुए हमले के दौरान लापता दो व्यक्तियों में भरतौल के दीपक कुमार गुप्ता भी शामिल हैं। परिजन का कहना है कि उन्हें दीपक के रोमानिया में कोस्ट गार्ड की अभिरक्षा में होने की जानकारी मिली है। वे लोग विदेश मंत्रालय से संपर्क कर दीपक की सकुशल वापसी का प्रयास कर रहे है। भरतौल गांव के पूर्व प्रधान रीतराम के मुताबिक सेना के रिटायर्ड नायब सूबेदार उद्धव कुमार गुप्ता का बेटा दीपक गुप्ता एमवी एजीएन रैग्नर जहाज पर क्रू मेंबर है। रविवार को यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर इस जहाज पर ड्रोन अटैक हुआ तो जान बचाने के लिए दीपक समेत दो क्रू मेंबरों ने समुद्र में छलांग लगा दी। देर रात यह जानकारी उनके घर पहुंचने के बाद से ही परिवार मे गम का माहौल है। उद्धव कुमार ने बताया कि उनका बड़ा बेटा संजीव गुप्ता सोमवार सुबह ही दिल्ली पहुंच गया है। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की सिफारिश पर उन लोगों ने विदेश मंत्रालय में संपर्क किया है, जहां दीपक की खोज के लिए सरकार से अनुरोध किया गया है। उद्धव गुप्ता ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि जहाज से पानी में कूदे दोनों क्रू मेंबर रोमानिया के समुद्री क्षेत्र में पहुंच गए थे। वहां की कोस्ट गार्ड टीम ने दोनों को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है और घायल होने के कारण उनका उपचार कराया जा रहा है। इससे उन लोगों की उम्मीद मजबूत हुई है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *