बरेली। बरेली कॉलेज चौराहे के पास सड़क धंसने और पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के मामले में नगर निगम के जलकल विभाग ने विद्युत वितरण निगम को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। जलकल विभाग ने साफ किया है कि सड़क, पेयजल पाइप लाइन और सीवर लाइन की मरम्मत में आने वाले खर्च की भरपाई संबंधित कार्यदायी एजेंसी से कराई जाएगी। जलकल विभाग के महाप्रबंधक मनोज कुमार आर्य का कहना है कि 26 जुलाई की रात विद्युत विभाग ने बिना पूर्व सूचना और समन्वय के अंडरग्राउंड विद्युत केबल बिछाने के लिए रोड क्रॉसिंग का कार्य कराया। अगले दिन सोमवार को पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से भारी जल रिसाव हुआ और सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। निरीक्षण में सीवर लाइन और मैनहोल के पास भी क्षति मिलने की बात सामने आई। उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग से संबंधित ठेकेदार का नाम, पता, कार्यादेश और रोड कटिंग की अनुमति का पूरा विवरण मांगा है। साथ ही पूछा गया है कि क्या सक्षम प्राधिकारी से अनुमति ली गई थी। यदि अनुमति ली गई थी तो उसकी प्रति भी उपलब्ध कराई जाए। एजेंसी से होगी नुकसान की भरपाई : नगर निगम ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन, सीवर लाइन और सड़क को पूर्व स्थिति में लाने में जितना खर्च आएगा। उसकी वसूली संबंधित कार्यदायी संस्था से की जाएगी। इसके लिए विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।।
बरेली से कपिल यादव
