फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव कीरतपुर धीरी मे तालाब मे डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। किशोर सोमवार शाम भैंस चराने के लिए घर से निकला था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद उसका शव तालाब में पानी पर तैरता मिला। मृतक के दादा शरद यादव ने बताया कि उनका 14 वर्षीय पोता आकांक्षु सोमवार शाम गांव से कुछ दूरी पर स्थित तालाब के पास भैंस चराने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गया। पानी अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और उसकी डूबने से मौत हो गई। शाम को जब आकांक्षु घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन के बाद उसका शव तालाब में पानी पर तैरता मिला।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आकांक्षु तीन भाइयों में बीच का था और कक्षा आठ का छात्र था। उसके पिता खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की मौत के बाद मां शिलम का रो-रोकर बुरा हाल है। किशोर की असमय मौत से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।।
बरेली से कपिल यादव
