बरेली। नशे के खिलाफ प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से गुरुवार को ’10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ का आरंभ डीएम अविनाश सिंह ने किया। उन्होंने लोगों को नशा न करने व समाज को इस बुराई से मुक्त बनाने की शपथ दिलाई। डीएम ने कहा कि नशा पूरे परिवार, समाज और देश के भविष्य को प्रभावित करता है। युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। नशामुक्त समाज का सपना तभी साकार होगा, जब आमजन भी इसे सामाजिक दायित्व मानेंगे। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान सामाजिक परिवर्तन की मजबूत नींव रखते हैं। कार्यक्रम मे मौजूद लोगों ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति प्रेरित करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनें, स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता आदि लोग मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
