बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र मे नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे धनेटा फाटक के पास चावल से लदा ट्रक टायर फटने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और हाईवे पर पलट गया। हादसे मे चालक ट्रक के अंदर फंस गया। मौके पर जुटे लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। घायल चालक को उपचार के लिए राजश्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार ट्रक चावल लेकर रामपुर से बरेली जा रहा था। बल्लिया गांव के पुल पर चढ़ते समय अचानक ट्रक का टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रक डिवाइडर पर चढ़ने के बाद हाईवे पर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे की एक लेन बाधित हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची हाईवे की क्रेन ने काफी मशक्कत के बाद पलटे ट्रक को हटाया। जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। घायल चालक की पहचान गुल्लू पुत्र सफीक निवासी नाडा जिला शामली के रूप में हुई है।।
बरेली से कपिल यादव
