झमाझम बारिश से सुहाना हुआ मौसम, तेज धूप से बढ़ने लगी उमस, कई इलाकों मे छिटपुट वर्षा

बरेली। गुरुवार को मौसम ने अजब-गजब रंग दिखाए। दोपहर बाद शहर के एक हिस्से मे झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया तो दूसरी ओर धूप खिल रही। शहर में धूप-छांव और बारिश का नजारा एक साथ दिखाई दिया। बरेली शहर में दोपहर बाद पुराना शहर, सैटेलाइट, नावेल्टी चौराहा क्षेत्र में खूब बारिश हुई। दूसरी तरफ सुभाषनगर के कुछ हिस्से और करगैना इलाके में धूप खिल रही। जिस वक्त सैटेलाइट क्षेत्र में बारिश हो रही थी-ठीक उसी वक्त करगैना में चटख धूप खिली थी। मौसम का ये लोग अक्सर लोगों को हैरान करता है। इसलिए भी क्योंकि आधे हिस्से में बारिश और दूसरे में धूप…। यकीन का भी संकट पैदा कर देता है। हालांकि पहले भी ऐसे मंजर देखने को मिलते रहे है। दिन में अधिकतम तापमान 34.2 और रात में न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं बीते चौबीस घंटे में 4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 6-7 दिन तक तापमान में इजाफा होने का अनुमान जताया है। गुरुवार को सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे। लेकिन धीरे-धीरे बादल छंट गए और आसमान साफ हो गया। तेज धूप निकलने से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। तापमान बढ़ने का असर दिखा और गर्मी के साथ लोग उमस से परेशान नजर आए। दिन में हालांकि कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि अगले 6-7 दिन तक तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और आंशिक वर्षा का अनुमान है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *