बरेली। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान में तीन दिनों के लिए लगने वाली आतिशबाजी की अस्थायी दुकानों को इस बार अनुमति नहीं मिलने से व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। परेशान तमाम आतिशबाजी व्यापारी शनिवार को जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे और समस्याओं से अवगत कराया। व्यापारियों ने बताया कि उनकी तीन से चार पीढ़ियां जीआईसी मैदान में आतिशबाजी की दुकानें लगाती आ रही हैं। दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस बार दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी गई है। ऐसे में उनका खरीदा हुआ सामान और लगाया गया पैसा फंसने का खतरा है। कहा कि अनुमति नहीं मिली तो कर्ज में डूब जाएंगे। उन्होंने डीएम से जल्द समस्या का समाधान कराने और नियमानुसार आतिशबाजी की दुकानें लगाने की अनुमति दिलाने की मांग की। निखिल गुप्ता, सचिन साहू, करन, रामकुमार देवल, रेन साहू, जयंती, प्रवेश कुमार, विशेष रस्तोगी आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
