बरेली। जनपद के थाना कोतवाली पुलिस ने जिला अस्पताल से फरार महिला बंदी ममता को भगाने में मदद करने वाले उसके बेटे विशाल वाल्मीकि को गिरफ्तार किया है। ममता दो सितंबर को पुलिस निगरानी से चकमा देकर भाग निकली थी, तब से उसकी तलाश चल रही है। विशाल ने स्वीकार किया कि उसने भाई के साथ मां को बुर्का लाकर दिया, जिसे पहनकर वह निकल भागी। सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विशाल शहर छोड़कर भागने की फिराक में है। उसे चौपुला चौराहे के पास से सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। विशाल को थाने लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने विशाल को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। शाम को उसे जेल भेज दिया गया। पहले से कोतवाली में ममता और उसके दोनों बेटों के खिलाफ मामला दर्ज था। अब मुकदमे में धारा की बढ़ोतरी की गई है। दो सितंबर को मुख्य आरक्षी नूतन सिसौदिया और आरक्षी रिंकी की ड्यूटी केंद्रीय कारागार-2 की बंदी ममता की निगरानी में लगी थी। ममता जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती थी। शाम करीब साढ़े छह बजे ममता बाथरूम में नहाने गई। कुछ देर बाद एक बुर्का पहने महिला बाथरूम से निकली, उसे पुलिसकर्मियों ने कोई अन्य महिला समझा। शक होने पर जब बाथरूम मे देखा गया तो ममता वहां नही थी।।
बरेली से कपिल यादव
