जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत, युवती समेत तीन पर मुकदमा

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। स्थानीय टोल प्लाजा के पास जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत के मामले मे पुलिस ने युवती, उसकी मां और भाभी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है। जनपद शाहजहांपुर के थाना तिलहर क्षेत्र के गांव दोसपुर हवेली उर्फ बलेमा निवासी गुरमेल सिंह ने पुलिस से की शिकायत मे बताया कि उनके बेटे रविंद्र सिंह को रामपुर के थाना खजुरिया क्षेत्र के चंदुआ नगला गांव निवासी गुरप्रीत कौर ने प्रेमजाल में फंसाकर उसका वीडियो बना लिया था। आरोप है कि वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करते हुए गुरप्रीत ने रविंद्र से करीब 25 लाख रुपये ऐंठ लिए। रुपये वापस मांगने पर वह उसे आत्महत्या के लिए उकसाती थी और झूठे मुकदमे मे फंसाने की धमकी देती थी। 14 सितंबर की रात करीब आठ बजे गुरप्रीत ने फोन कर रविंद्र को टोल प्लाजा पर बुलाया। आरोप है कि दोनों ने साथ मे आत्महत्या करने की योजना बनाई थी। इसी दौरान गुरप्रीत के उकसाने पर रविंद्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया जबकि उसने खुद जहरीला पदार्थ नही खाया। इसके बाद रविंद्र की मौत हो गई। आरोप है कि जहरीला पदार्थ खाने के बाद गुरप्रीत ने रविंद्र का वीडियो जारी किया। वीडियो देखकर गुरमेल परिजनों के साथ टोल प्लाजा पहुंचे जहां रविंद्र मृत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पिता ने आरोप लगाया कि गुरप्रीत को महज दिखावे के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया और अगले दिन छुट्टी दे दी गई। सोमवार देर शाम पुलिस ने गुरप्रीत कौर, उसकी मां पिंदर कौर और भाभी सतेन्द्र कौर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर जल्द आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *