बरेली। शहर में छह माह पूर्व लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने फेल होने पर एडीएम सिटी डा. राम दुलारे पांडेय ने लाखों रुपये का जुर्माना लगाया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने करीब छह माह पहले जिले मे विभिन्न विभिन्न स्थानो से खाद्य पदार्थो का नमूना भरकर जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा था। बीते दिनों आई रिपोर्ट में तमाम नमूने फेल निकले। संबंधित दर्जन भर व्यापारियों के मुकदमे एडीएम सिटी राम दुलारे पांडेय की कोर्ट में चल रहे थे। सुनवाई के बाद उन्होंने लाखों रुपये का जुर्माना लगाया है। शहर के आलमगिरिगंज मे आमोदनु गोयल की दुकान से घी का नमूना फेल होने पर आठ लाख, रेलवे द्वारा स्टेशन पर लिया गया पनीर का नमूना फेल होने पर शाहजहांपुर के पुष्पेंद्र सिंह और लखनऊ की एसबी कैटरिग सर्विस कंपनी पर चार लाख, सुभाषनगर मे मुनेंद्र कुमार की दुकान से कोकोनट पाउडर का सैंपल फेल होने पर व्यापारी और कानपुर की एलए बाज कंपनी पर आठ लाख का जुर्माना डाला है। बहेड़ी मे मिठाई की दुकान से बालुशाही का नमूना फेल होने पर देवीदास, बहेड़ी जोखनपुर मे फजील अहमद की दुकान का आटे का नमूना फेल होने पर दो लाख, बहेड़ी में बगैर लाइसेंस दुकान चलाने पर हर्ष गुप्ता पर दो लाख, राजेंद्रनगर में अल नवाज की बिरयानी का नमूना फेल होने पर ईनाम अली पर तीन लाख, रेलवे स्टेशन पर कुल्फी का नमूना फेल होने पर सुल्तानपुर की ब्रजेश ट्रेडिग कंपनी व कोआपरेटिव अमूल मिल्क फेडरेशन पर पांच लाख, अलीगंज मे मिठाई का नमूना फेल होने पर संजीव कुमार पर चार लाख और भमोरा पिपरिया मे बेसन का नमूना फेल होने पर साकिर मंसूरी पर दो लाख का जुर्माना लगाया है।।
बरेली से कपिल यादव
