बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र के परतापुर चौधरी इलाके के एक घर मे प्रतिबंधित पशु काट दिया गया। इसी घर में मांस पकाने की सूचना पर गोरक्षकों ने घर घेरकर हंगामा किया। पुलिस ने दबिश देकर एक तस्कर को घर से गिरफ्तार कर लिया। दूसरे को रात में मुठभेड़ में दबोच लिया। उसके पैर में गोली लगी है। स्थानीय लोगों और गोरक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार की दोपहर परतापुर चौधरी के घर में पशु कटान का आरोप लगाया। आरोप है कि अवशेषों को घर के पीछे खाली प्लॉट में फेंक दिया गया था। वहां से कुत्ते उन्हें खींचकर आबादी की ओर ले आए। इसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। सूचना पर इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कलीमुद्दीन के घर में दबिश दी तो प्रतिबंधित पशु के अवशेष और एक कड़ाही में मांस पकता मिला। पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर मौके से मिले अवशेषों की जांच कराई। जांच में मांस प्रतिबंधित पशु का होने की पुष्टि हुई। इसे फॉरेंसिक प्रयोगशाला भी भेज दिया। पुलिस ने मोहम्मद खां नाम के तस्कर को हिरासत में ले लिया। मौके से मोहम्मद खां का बहनोई मकान मालिक अकीलुद्दीन व उसकी पत्नी हसीना भाग गए। हसीना का रिश्तेदार बदायूं के सहसवान का रहने वाला आलम उर्फ अकबर भी भाग निकला। एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि सटीक सूचना पर गुरुवार की रात साढ़े दस बजे पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी की तो अकीलुद्दीन उर्फ गट्टू फायर करते हुए भाग निकला। गोली कांस्टेबल रोहताश के दाहिने हाथ को छूकर निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की तो अकीलुद्दीन के पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी पत्नी और आलम की तलाश जारी है।।
बरेली से कपिल यादव
