बरेली। सोमवार को गणेश चतुर्थी महोत्सव की शुरुआत हुई। इस अवसर पर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते हुए निकले। श्री गणेश उत्सव समिति द्वारा आयोजित यह शोभायात्रा सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर से दोपहर में शुरू हुई। इसमें वन राज्यमंत्री अरुण कुमार भी उपस्थित रहे। दो दर्जन मनमोहक झांकियां और ढोल-नगाड़ों की गूंज आकर्षण का केंद्र रही। पवनपुत्र शौर्य ग्रुप के युवाओं ने आत्मरक्षा के करतब दिखाए। राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक कलाकारों और बैंड ने शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाई। शोभायात्रा कुतुबखाना, शिवाजी मार्ग, श्यामगंज सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी। अंत में मारवाड़ीगंज स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर पहुंची और बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में विश्राम के साथ संपन्न हुई। गणेश महोत्सव अनंत चतुर्दशी तक चलेगा। शोभायात्रा का मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। सिविल लाइन में खंडेलवाल परिवार और दीनानाथ परिवार ने स्वागत किया। शिवाजी मार्ग पर राकेश खंडेलवाल और संजीव अवतार ने भी भागीदारी की। श्यामगंज चौराहा पर प्रेम शंकर अग्रवाल और सुशील खंडेलवाल सहित कई लोगों ने अभिनंदन किया। गंगापुर चौराहा पर भी भगवान गणेश की रथ यात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा में राजू खंडेलवाल, दिलीप खंडेलवाल, सुनील गुप्ता, अजय राज शर्मा, राजीव बूबना, पवन अरोड़ा, पंडित कैलाश शर्मा, अभिषेक गौड, सुनील खडेलवाल, डॉ. विनोद पागवानी, डॉ. विमल भारद्वाज, पवन जायसवाल, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही।।
बरेली से कपिल यादव
