कॉलेज ने नियमों को दरकिनार कर बनाए 16 कमरे, आज आएगी जांच टीम

फरीदपुर, बरेली। स्टेशन रोड स्थित जिला पंचायत की जमीन पर बने चौधरी राजेश्वर सिंह इंटर कॉलेज के परिसर में बिना अनुमति के 16 कमरों का अवैध निर्माण कराकर लिंटर डाल दिया गया। मामला संज्ञान में आने पर जिला पंचायत ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला पंचायत प्रशासन के मुताबिक स्टेशन रोड पर जिस जमीन पर कॉलेज स्थित है। वह जिला पंचायत के स्वामित्व में आती है। कॉलेज प्रशासन को यह भूमि लीज पर दी गई थी, जिसकी अवधि समाप्त हो चुकी है। अब इसपर व्यावसायिक या आवासीय निर्माण के लिए जिला पंचायत बोर्ड से अनुमति लेकर नक्शा पास कराना अनिवार्य है। वहीं, कॉलेज प्रबंधन ने नियमों को दरकिनार करते हुए 16 कमरों का निर्माण करा दिया। उसपर लिंटर भी डाल दिया या। जानकारी होने पर उसके निर्माण पर रोक लगाई गई है। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि स्टेशन रोड की ओर फ्रंट पर दशकों पहले बनाई गईं 18 दुकानें बेच दी गई थीं। कुछ दुकानों की गहराई बढ़ाने के लिए कॉलेज परिसर में अतिरिक्त निर्माण करा दिया गया, जिस हिस्से को दुकानदारों को आठ लाख रुपये प्रति दुकान विक्रय किया गया। इनका संचालन भी जारी है। दुकानदारों के मुताबिक, जिन कमरों का निर्माण कराया जा रहा है, उनमें प्रत्येक को 15 लाख रुपये में बेचने की योजना है। इलाके में चर्चा है कि लगातार हो रहे अवैध निर्माण से अधिकारी बेखबर रहे। उन्होंने जिला पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। प्रशासक जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने बताया कि कॉलेज में हो रहे बिना अनुमति के निर्माण को रुकवाने के लिए एसडीएम को पत्र जारी किया गया है। एसडीएम की टीम ने निर्माण रुकवा दिया है। पंचायत की ओर से भी सोमवार को टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *