कारोबारी ने पत्नी को दिया जहर, हालत बिगड़ी, जिला अस्पताल में भर्ती

बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र मे एक रेता-बजरी कारोबारी ने अपनी पत्नी को जहर देकर जान से मारने की कोशिश की। जहर खाने से विवाहिता की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर जहर देने के गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। फरीदपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला गौसगंज सराय निवासी उलफत खां ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनकी 28 वर्षीय बहन फरीन का निकाह इज्जतनगर के करमपुर निवासी रेता-बजरी कारोबारी नूर हसन से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और उसके परिजन फरीन को प्रताड़ित करते थे। मायके पक्ष का कहना है कि नूर हसन का किसी अन्य युवती से प्रेम संबंध था। जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों के अनुसार, लगातार विवाद से परेशान होकर करीब एक माह पहले फरीन अपने मायके चली गई थी। परिवार और रिश्तेदारों के समझाने के बाद कुछ दिन पहले ही वह दोबारा अपनी ससुराल लौट गई थी। लेकिन मायके वालों का आरोप है कि इसके बाद भी हालात नहीं बदले। रविवार शाम मायके पक्ष को सूचना मिली कि फरीन की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे जहर दे दिया गया है। यह खबर मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां फरीन का इलाज चल रहा है। पीड़िता के भाई उलफत खां का आरोप है कि पति नूर हसन ने जानबूझकर फरीन को जहर दिया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो उसकी जान भी जा सकती थी। परिवार ने आरोपी पति और ससुराल वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *