कांवड़ यात्रा को लेकर एसडीएम व सीओ ने तीन दिन मे सड़कें दुरुस्त करने व साफ सफाई के निर्देश

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। आगामी सावन पर्व और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान एसडीएम निधि शुक्ला और सीओ हाईवे देवेश सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एनएचआई, पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग, नगर पंचायत, चिकित्सा और अन्य संबंधित विभागों को समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम और सीओ ने विशेष रूप से यात्रा मार्ग पर सफाई, प्रकाश, पेयजल और शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने राधा-कृष्ण मंदिर के पास झुके हुए विद्युत पोलों को ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़िया मंदिर और भिटौरा मंदिर के पास हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया। यात्रा मार्ग पर बायो टॉयलेट लगाने के भी निर्देश दिए गए। पीडब्ल्यूडी को टूटे हुए मार्गों पर पैचवर्क करने और फतेहगंज-भोलापुर रोड के गड्ढे भरने के लिए कहा गया। सेवा शिविरों को हाईटेंशन लाइन और सड़क से सुरक्षित दूरी पर लगाने के निर्देश दिए गए। डीजे की अधिकतम चौड़ाई 10 फीट और ऊंचाई 12 फीट निर्धारित की गई। इसके अतिरिक्त, यात्रा मार्ग से आवारा पशुओं और झाड़ियों को हटाने के भी निर्देश दिए गए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *