बरेली। डीएम शिवाकान्त द्विवेदी ने व्यापारियों के साथ बैठक कर कबाड़ व्यवसाइयों का लेखा जोखा तैयार करने और अवैध शराब का धंधा करने वालों पर सतर्क नजर रखने की रणनीति तय की है। अब प्रत्येक कबाड़ व्यापारी की लिस्ट पुलिस के पास रहेगी और आबकारी विभाग शराब की धर पकड़ के लिए छापेमारी तेज करने का निर्देश दिया है। अब पुलिस कबाड़ का कारोबार करने वालों की निगरानी करेंगी। सोमवार को डीएम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक मे आबकारी विभाग के अधिकारियों व कबाड़ व्यापारियों के साथ बैठक की। डीएम ने निर्देश दिया कि अनुज्ञापी यह सुनिश्चित कर लें कि बिना क्यूआर कोड वाली शराब न बिके। देसी मदिरा दुकान पर उपभोग हो चुके खाली पौव्वों को प्रत्येक दशा में एकत्रित कर उन्हें नष्ट कराएं। डीएम ने कहा कि ऐसा संज्ञान मे आया है कि अवैध शराब का व्यवसाय करने वाले ऐसे खाली पौवे कबाड़ियों से खरीद कर उनका गलत इस्तेमाल कर लेते हैं। खाली पौव्वे को काटकर नष्ट किया जाए ताकि पुन: उपयोग मे न लाए जा सके। बैठक मे परिवहन एवं रोडवेज विभाग के कर्मचारी जैसे ड्राइवर व कंडक्टर आदि को निर्देशित किया जाए कि वह सामान रखवाते समय संदेह की दशा में सामग्रियों की जांच कर लें तथा इन पर सर्तक दृष्टि रखें। संदिग्ध वस्तु व माल पाए जाने पर सूचनाएं सम्बंधित विभाग आबकारी व पुलिस विभाग को अवगत कराएं। परिवहन निगम बसों की नियमित रूप से सघन चेकिंग मे आबकारी व पुलिस विभाग को सहायता प्रदान करें ताकि अवैध शराब के कारोबारियों पर प्रभावशाली नियंत्रण रखा जा सके। जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग मे तैनात आबकारी निरीक्षकों द्वारा पुलिस विभाग, नगर निगम पालिका, पंचायत विभाग के अधिकारियों से सहयोग लेकर तथा उनसे प्राप्त फीडबैक के आधार पर अवैध शराब के कारोबारियों पर कड़ा नियंत्रण एवं नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाए। आबकारी विभाग के अधिकारी, पुलिस, प्रशासन को साथ ग्राम प्रधानों, चौकीदारों तथा अनुज्ञापियों के साथ बैठक कर सूचनातंत्र को विकसित करना सुनिश्चित करें ताकि अवैध शराब के कारोबारियों पर नियंत्रण रखा जा सके। डीएम ने नगर निगम को निर्देश दिए कि इन कबाड़ियों का पंजीकरण किया जाए ताकि इनसे सम्बंधित जानकारी उपलब्ध रहे और किसी भी निष्प्रयोज्य एवं अनुपयोगी सामग्री के दुरुपयोग पर अंकुश लगया जा सके।।
बरेली से कपिल यादव
