बिशारतगंज, बरेली। नगर मे इलेक्ट्रॉनिक की दो दुकानों में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिसमें लाखों का सामान जलकर राख हो गया। कस्बा के वार्ड नंबर 1 के प्रेमपाल मौर्य ने बताया कि कस्बा में जैतपुर तिराहे के पास श्री बालाजी इलेक्ट्रॉनिक नाम से उनकी दो दुकानें हैं, एक रोड पर इस ओर और दूसरी उसके ठीक सामने वाली मार्केट में है, दोनों ही दुकानें किराये की बिल्डिंग में हैं। गुरुवार की रात करीब वह दुकान बंद करके वह घर चले गए थे। रात में करीब 12 बजे मकान मालिक जो दुकान के ऊपर रहते हैं ने सूचना दी कि दुकान से धुआं निकल रहा है। आनन-फानन में ही वह मौके पर पहुंच गए और दुकान का शटर खोलकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे, इसी दौरान सामने वाली दुकान में भी आग लगी हुई देखी गई। देखते ही देखते दोनों दुकानों का सामान धू-धू कर जलने लगा। आग लगने से उसमें रखे सामान एलईडी, टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन समेत लाखों का सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार ने बताया कि दोनों दुकानों में एक ही इन्वर्टर के कनेक्शन से लाइट है। किसी तरह से कहीं शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि आग की सूचना पर तुरंत दमकल टीम को भी सूचना कराई गई।।
बरेली से कपिल यादव
