सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज क्षेत्र मे बड़ा बाईपास स्थित परधोली गांव के पास लखनऊ की तरफ से आ रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ पहुंच गई और सामने से बाइक पर आ रहे दंपति को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना भुता क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी 24 वर्षीय मटरू कश्यप उर्फ गगन मंगलवार शाम करीब पांच बजे अपनी 23 वर्षीय पत्नी कमलेश के साथ बाइक से सीबीगंज के नदोसी स्थित ससुराल से घर लौट रहे थे। दोनों बड़ा बाईपास पर परधोली गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक डिवाइडर पार करते हुए उनकी बाइक से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। डिवाइडर पार करने के बाद कार सीधे बाइक सवार दंपति से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार सवारों के बीच भी अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और कार को कब्जे में ले लिया। परिजनों के मुताबिक पुलिस ने कार मे सवार चारों लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और कार की तेज रफ्तार समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
