अतिक्रमण हटाने को लेकर धक्का मुक्की, विरोध पर सामान जब्त

बरेली। सिविल लाइंस क्षेत्र में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। चौकी चौराहे से पटेल चौक तक चले अभियान के दौरान खोखे, ठेले और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाने और जब्त करने की कार्रवाई शुरू हुई तो अतिक्रमणकारियों ने विरोध कर दिया। कुछ लोगों ने जेसीबी रोकने की कोशिश की। ट्रैक्टर-ट्रॉली से सामान ले जाने को लेकर प्रवर्तन दल और अतिक्रमणकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। शुक्रवार को नगर निगम की टीम चौकी चौराहे पर पहुंचे। टीम को सूचना मिली थी कि रोड पर अतिक्रमण कर रखा है जिसकी वजह से रोड पर जाम की समस्या बनी थी। विरोध बढ़ने पर प्रवर्तन दल ने लाठियां फटकार कर लोगों को वहां से हटाया। इसके बाद सड़क किनारे रखा अतिक्रमण का सामान जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वालों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। अतिक्रमण दस्ता प्रभारी सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि चौकी चौराहे से पटेल चौक तक सड़क किनारे कई लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। नगर निगम की ओर से पहले भी कई बार अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई थी। इसके बाद अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन कुछ लोगों ने दोबारा सड़क किनारे कब्जा कर लिया। इसी वजह से शुक्रवार को फिर से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया और सामान जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे खोखे, ठेले और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया। नगर निगम की टीम ने स्पष्ट किया कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। बदायूं रोड पर भी नाले से हटाया अतिक्रमण : उधर, नगर निगम के निर्माण विभाग की टीम ने बदायूं रोड पर भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यहां नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। विभाग की टीम ने नाले के ऊपर बनाए गए अवरोधों को हटाकर रास्ता साफ कराया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *