अतिक्रमण पर चला नगर निगम का बुलडोजर, विरोध के बीच हुई कार्रवाही

बरेली। कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की टीम ने मंगलवार सुबह सुभाषनगर के मुख्य बाजार में बड़ी कार्रवाई की। नाथ कॉरिडोर परियोजना के तहत कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में बाधक बन रहे अतिक्रमण पर निगम का बुलडोजर चला। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन प्रवर्तन दल की मौजूदगी में निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। नाथ कॉरिडोर परियोजना के तहत स मार्ग का चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य लंबे समय से जारी है, लेकिन अतिक्रमण के कारण कार्य की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। नगर निगम प्रशासन की ओर से क्षेत्रवासियों और अतिक्रमणकारियों को खुद से कब्जा हटाने के लिए कई बार नोटिस देकर चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो मंगलवार सुबह नगर निगम की टीम प्रवर्तन दल के साथ मौके पर पहुंच गया और बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया। नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजीव राठी ने बताया कि सावन माह जल्द ही शुरू होने वाला है, जिसके कारण इस मार्ग पर श्रद्धालुओं और आम जनता की आवाजाही काफी बढ़ जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण कार्य को समय पर पूरा करना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अतिक्रमण हटने के बाद अब निर्माण कार्य में तेजी आएगी और सावन शुरू होने से पहले सड़क को आवागमन के लिए पूरी तरह से तैयार कर लिया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *