RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कला-संस्कृति, साहित्य और लेखन से जुड़े प्रबुद्धजनों से की मुलाकात

देहरादून – उत्तराखंड प्रवास पर देहरादून आए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने गांवों को खुशहाल बनाने पर जोर दिया है। मंगलवार को पहले दिन कला-संस्कृति, साहित्य और लेखन से जुड़े प्रबुद्धजनों से मुलाकात के दौरान संघ प्रमुख ने कहा कि गांव समृद्ध होगा, तभी वास्तव में राष्ट्र भी समृद्ध हो पाएगा। उन्होंने संघ की पृष्ठभूमि और कार्यों पर भी रोशनी डाली। यह भी कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि लोग संयुक्त परिवार व्यवस्था की ओर बढ़ें, क्योंकि प्रबल और प्रभावी संस्कार नाना- नानी व दादा-दादी ही दे सकते हैं। संघ प्रमुख ने शाम की पाली में देहरादून महानगर में चलने वाली संघ की शाखाओं के मुख्य शिक्षक व शाखा कार्यवाह स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। संघ प्रमुख डॉ.भागवत सोमवार रात देहरादून पहुंचे। आठ फरवरी तक के प्रवास कार्यक्रम के दौरान वह यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजनों के अलावा संघ के मुख्य शिक्षक स्तर तक के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। मंगलवार को उन्होंने संघ कार्यालय में अलग-अलग गु्रपों में कला-संस्कृति, साहित्य और लेखन से जुड़े प्रबुद्धजनों के साथ विमर्श किया।संघ को जानने-समझने के लिए संघ के बीच आना जरूरी है। इसी मंतव्य के साथ संघ प्रमुख ने अपनी बात रखने से पहले संघ की स्थापना से लेकर उसके अब तक के 93 साल के सफर पर तफसील से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज देश में संघ कार्यकर्ता 1.30 लाख से अधिक सेवा कार्य पूरे देश में चला रहे हैं। 40 देशों में विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से स्वयंसेवक कार्यरत हैं। चर्चा के दौरान गांवों की मजबूती पर जोर देते हुए उन्होंने कई समृद्ध गांवों के उदाहरण दिए और कहा कि हम लोग भी अपने गांव में सप्ताह में एक बार एकत्रित होकर गांव की चौपाल पर बैठें। हमारे वास्तविक धन जल, जंगल, जमीन को समृद्ध बनाने और इनकी सुरक्षा के लिए मिलकर कार्य करने पर विचार करें। उन्होंने कहा कि श्रमदान कर गांव में पानी के लिए कुएं, छोटे बांध, जितने हम अपनी हैसियत से मिलकर बना सकते हैं, बनाएं। अपना कार्य खुद कर गांव को खुशहाल बनाएं। उन्होंने कहा कि ऐसा करके देश में कई गांव समृद्ध हो चुके हैं। गांव समृद्ध होगा, तभी राष्ट्र भी वास्तविक रूप से समृद्ध हो पाएगा। साहित्य चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट साहित्य मानव निर्माण के लिए महत्वपूर्ण होता है और उसे उन्नत बनाता है। साहित्य राष्ट्र को आगे बढ़ाने की धुरी होना चाहिए। बदली परिस्थितियों में भारतीय परिवारों में संस्कारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि संयुक्त परिवार की ओर आगे बढ़ें। प्रत्येक परिवार और कुटुंब को चाहिए कि वह सप्ताह में एक दिन अपने पूर्वजों और राष्ट्र के महापुरुषों की चर्चा करें। यह प्रयास होना चाहिए कि घर की चौखट के भीतर बात अपनी मातृभाषा में ही करें। संघ प्रमुख ने कहा कि हमारे समाज को राष्ट्र के सर्वोच्च मानकर व्यक्तिगत चरित्र और आकांक्षाओं से ऊपर उठकर राष्ट्र के उत्थान के लिए राष्ट्रीय चरित्र को महत्व देकर सामूहिक रूप से आगे बढऩा होगा। उन्होंने कहा कि शोषणमुक्त हिंदू समाज और अहंकार एवं स्वार्थमुक्त व्यवस्था बननी चाहिए और संघ इस कार्य में जुटा हुआ है।

– सुनील चौधरी देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।