70 करोड़ रुपये के भुगतान को लेकर ओसवाल चीनी मिल सील

नवाबगंज, बरेली। किसानों के बकाया करीब 70 करोड़ रुपये के गन्ना भुगतान को लेकर प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ओसवाल चीनी मिल को सील कर दिया। एसडीएम के नेतृत्व में गन्ना विभाग और राजस्व विभाग की टीम मिल परिसर पहुंची। टीम ने वहां मौजूद कर्मचारियों को मिल से बाहर निकालने के बाद कार्रवाई करते हुए चीनी मिल को सील कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से मिल में मौजूद कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया। किसानों के गन्ने का करीब 70 करोड़ रुपये का भुगतान लंबे समय से चीनी मिल पर बकाया है। बकाया भुगतान को लेकर किसान लगातार मिल प्रबंधन और प्रशासन से भुगतान कराने की मांग करते आ रहे हैं। प्रशासन की ओर से भी मिल प्रबंधन को बकाया भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी मिल प्रबंधन ने किसानों को बकाया भुगतान नहीं किया है। इसे लेकर शासन की ओर से चीनी मिल की आरसी जारी हो चुकी है। गुरुवार को एसडीएम सचिन यादव व डीसीओ डीके सैनी के नेतृत्व में राजस्व और गन्ना विभाग की टीम ओसवाल चीनी मिल पहुंची। टीम ने मिल परिसर का निरीक्षण करने के बाद वहां मौजूद मिल कर्मियों को मिल से बाहर निकालने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मिल को सील कर दिया। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मिल परिसर में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसके साथ ही मिल की नीलामी के लिए 22 अक्टूबर की तिथि नियत करने के साथ ही नीलामी का नोटिस मिल के गेट पर चस्पा कर दी गई है। एसडीएम सचिन यादव ने बताया कि किसानों का बकाया भुगतान न करने पर मिल को सील कर दिया गया है। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी, एसडीएम नवाबगंज सचिन यादव, तहसीलदार नवाबगंज सतेंद्र मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *