* अवकाश के दिन कार्यालय खुलवाकर एसडीओ ने एक दर्जन प्राथमिक विद्यालयों को सौंपे आवंटन पत्र
राजस्थान/बाड़मेर- सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने की दिशा में धोरीमन्ना उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने संवेदनशीलता दिखाते हुए रविवार को अवकाश के दिन कार्यालय खुलवाकर एक दर्जन राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के लिए भूमि आवंटन आदेश जारी किए। इनमें वर्ष 2002 से भूमि आवंटन का इंतजार कर रहे विद्यालय भी शामिल हैं। वहीं, राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने पर भालीखाल पटवारी प्रमिला विश्नोई को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एसडीओ बद्रीनारायण विश्नोई ने बताया कि क्षेत्र के कई सरकारी विद्यालय लंबे समय से भूमि आवंटन की प्रतीक्षा कर रहे थे। भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यालयों में पर्याप्त कक्षा-कक्षों, खेल मैदानों सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास नहीं हो पा रहा था। तीन-चार दिन पूर्व क्षेत्र के भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों और संबंधित संस्था प्रधानों ने उनके समक्ष भूमि आवंटन की मांग रखी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ ने तहसीलदार धोरीमन्ना चंद्रप्रकाश शर्मा को तत्काल भूमि आवंटन संबंधी प्रस्ताव तैयार करवाने के निर्देश दिए। प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद रविवार को अवकाश के बावजूद कार्यालय खुलवाकर भूमि विहीन विद्यालयों के नाम आवंटन पत्र जारी किए गए। इनमें वर्ष 2002 से भूमि विहीन राजकीय प्राथमिक विद्यालय सुथारों की ढाणी, मूढ़णों की ढाणी और सुखाणियों की ढाणी, कोलियाणा सहित करीब एक दर्जन विद्यालय शामिल हैं। महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धोरीमन्ना में रविवार को आयोजित पीईईओ बैठक के दौरान एसडीओ ने सीबीईओ धोरीमन्ना प्रमोद कुमार को विद्यालयों के भूमि आवंटन पत्र सौंपे।
एसडीओ विश्नोई ने राजस्व कार्यों में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री तथा लंबित नामांतरण प्रकरणों की समीक्षा की। इस दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जूनाखेड़ा, ग्राम पंचायत आलमसर को आवंटित भूमि का नामांतरण दर्ज नहीं किए जाने पर भालीखाल पटवारी प्रमिला विश्नोई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस में तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
पीईईओ बैठक में एसडीओ ने विद्यालयों एवं खेल मैदानों के लिए आवंटित भूमि पर अतिक्रमण नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी चुनाव कार्यों में निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने तथा विद्यालयों की अध्ययन व्यवस्थाओं में सुधार पर जोर दिया।
उन्होंने विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ रसोईघर और भोजन बनाने में उपयोग होने वाले बर्तनों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। एसडीओ ने कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण, गुणवत्तापूर्ण भोजन और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में सीबीईओ धोरीमन्ना प्रमोद कुमार, एसीबीईओ प्रथम बाबूलाल, एसीबीईओ द्वितीय हनुमानराम विश्नोई, आरपी बुधराम विश्नोई सहित सभी पीईईओ एवं अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
