12 से 14 वर्ष के किशोरों को लगी कोविड वैक्सीन, पहले दिन बेहद कम रही बच्चों की संख्या

बरेली। कोरोना वैक्सीन बच्चों को लगाने की हरी झंडी मिलने के बाद बुधवार से इसकी शुरूआत की गई। पहले दिन जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में बच्चों को वैक्सीन लगाई गई। इसकी शुरूआत सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने की। जानकारी के मुताबिक पहले दिन काफी कम संख्या में बच्चों ने वैक्सीनेशन कराया। मगर डॉक्टरों का कहना है कि जल्द ही इस वैक्सीन की संख्या में भी तेजी से बढ़ोत्तरी होगी। कोरोना टीकाकरण के चल रहे अभियान मे बुधवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। 12 वर्ष से 14 वर्ष तक के बच्चों को कोरोना का टीका लगाने के लिए जिला अस्पताल में खोले गये कोविड वैक्सीनेशन बूथ का शुभारम्भ सीएमओ डॉ बलवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान कई किशारों को वैक्सीन भी लगाई गई। जिले मे 72 हजार 655 बच्चों को प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस आयु वर्ग के बच्चो का भी कई केन्द्र बनाकर टीकाकरण कराया जायेगा। जिले के सभी पीएचसी-सीएचसी के अलावा कई केन्द्रों पर कैम्प लगाकर आयोजन किया जायेगा। आवश्यकता पड़ने पर स्कूल वार प्लान भी तैयार कर प्रतिरक्षण अभियान को गति दी जायेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बलवीर सिंह का कहना है कि जिले मे को-वैक्सीन और कोवीशील्ड अभी तक दो प्रकार के टीके लगते थे। अब तक जिले में 13 लाख चार हजार 296 लोगों को कोरोना का प्रथम डोज का टीका लग चुका है। इसके अलावा नौ लाख 26 हजार लोगो को द्वितीय डोज का टीका लगा है। इसमें भी 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगो को प्राथमिकता के आधार पर कोवीशील्ड का टीका लगाया गया है। उन्होंने बताया कि 72 हजार 655 बच्चों के सापेक्ष पहली खेप मे जिले के लिए 39 हजार डोज वैक्सीन आ चुकी है। बच्चों का टीकाकरण होने के बाद जरूरत के अनुसार दूसरी खेप आ जायेगी। सभी बच्चों को वैक्सीन की दो खुराक लगेंगी और दूसरी डोज 28 दिनों के अंतराल पर लगेगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *