समाधान दिवस : रेप के आरोपी राइस मिल एसोसिएशन पूर्व अध्यक्ष की गिरफ्तारी की मांग

नवाबगंज, बरेली। मंगलवार को एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह और एसपी ग्रामीण उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्रा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें रेप के आरोपी राइस मिल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष की गिरफ्तारी न होने का मुद्दा गूंजा। इस दौरान कुल 32 शिकायतें दर्ज की गईं। इसमें से किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। सभी शिकायतों के निस्तारण के लिए सम्बंधित विभागों को भेज दिया गया। जनपद पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज करायी कि कस्बे में रहने वाले राइस मिल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रमेश चन्द्र गुप्ता ने उसे नौकरी के बहाने कस्बे के एक गेस्ट हाउस में बुलाकर उसे पानी मे नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और उसके बेहोश हो जाने पर उसके साथ रेप किया। इसकी रिपोर्ट उसने 24 जुलाई को थाना नवाबगंज में दर्ज कराई थी। कोर्ट में उसके बयान दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है। उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इस पर एसपी ग्रामीण उत्तरी ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। नकट्टी नरायनपुर गांव की मीना देवी, दयावती, गायत्री देवी, प्रेमवती आदि ने शिकायत दर्ज कराई कि गांव में स्थित शराब की दुकान रात दस बजे के बाद भी खुली रहती है और अधिक दामों पर शराब बेची जाती है। उनके परिवारों के पुरुष शराब पीकर घर लौटने पर उनसे गाली-गलौज और मारपीट करते हैं, जिसका महिलाओं ने शराब की दुकान पर जाकर विरोध किया तो दुकान संचालक ने उन्हें धमकाया। तहसील में कार्यरत सफाई कर्मचारी रमेशचन्द्र ने शिकायत दर्ज करायी कि उन्हें समय से वेतन नहीं मिल रहा है। जुलाई माह का वेतन भी अभी तक नहीं मिला है। नरही नोआ नगला गांव के रियाजुल हसन, शमशीर अहमद, सैयाद हुसैन,रफीक अहमद आदि ने शिकायत दर्ज करायी की गांव मे पट्टों की भूमि पर पूर्व ग्राम प्रधान ने कब्जा कर रखा है। एडीएम प्रशासन ने एसडीएम को कार्रवाई के आदेश दिए। इस दौरान कुल 32 शिकायतें दर्ज हुईं। जिसमें से किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हुआ। सभी शिकायतों को निस्तारण के लिए सम्बंधित विभागों को भेज दिया गया। इसमें एसडीएम सचिन यादव, सीओ नीलेश मिश्र, कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव आदि अधिकारी मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *