Breaking News

समाज में फैली भ्रांतियों पर कटाक्ष करती है मुरारी की चौपाल : कुलदीप

संभल। सरस्वती विद्या मंदिर में अतुल कुमार शर्मा द्वारा विरचित “मुरारी की चौपाल” पुस्तक का लोकार्पण कार्यक्रम, भारतीय इतिहास संकलन समिति के वैनर तले धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, प्रांत संगठन मंत्री डॉ. कुलदीप त्यागी एवं प्रांत महिला प्रमुख डॉ. बीना रुस्तगी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके किया। दीप प्रज्वलन के पश्चात मंचस्थ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, मुख्य वक्ता, समारोह अध्यक्ष एवं जिला पंचायत अध्यक्ष तथा भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सहित सभी अतिथियों का भारतीय इतिहास संकलन समिति के सदस्यों ने माल्यार्पण करके स्वागत अभिनंदन किया।
नेपाल से पधारे वरिष्ठ साहित्यकार डॉ देवी पन्थी ने पुस्तक पर चर्चा करते हुए कहा कि इस पुस्तक में अतुल कुमार शर्मा ने जीवन के अनुभवों को साझा किया है। उन्होंने हर क्षेत्र से अपनी रचनाएं उठाई है जिसमें सामाजिक समस्याओं का सटीक उपचार भी किया है।
पुस्तक समीक्षा पढ़ते हुए डॉ डी० एन० शर्मा ने बताया कि साहित्यिक जगत में नई पहचान के साथ, “मुरारी की चौपाल” पुस्तक निश्चित ही स्थापित होगी, क्योंकि इसमें तमाम कुरीतियों को उजागर करते हुए उनका समाधान भी सौंपा गया है।
मुख्य वक्ता एवं भारतीय इतिहास संकलन समिति के प्रांत संगठन मंत्री डॉ. कुलदीप त्यागी ने कहा कि अतुल कुमार शर्मा ने अपनी रचनाओं में, व्यंग्यात्मक शैली के साथ शब्दों को बांधते हुए, हमारी संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण हेतु सामाजिक समस्याओं पर कटाक्ष किया है।
प्रांत महिला प्रमुख डॉ. बीना रुस्तगी ने पुस्तक पर चर्चा करते हुए कहा कि सामाजिक ताने-बाने में जो खामियां समय के चलते पैदा हुई है उन पर कवि की पैनी नजर गई है, जिसका समाधान सौंपने का अतुल कुमार शर्मा ने सफल प्रयास किया है। विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ अनामिका यादव ने कहा कि कवि ही समाज की दिशा को आसानी से मोड़ सकता है। उन्होंने रचनाकार अतुल कुमार शर्मा के व्यवहार, कार्य, संवेदनशीलता, ज्ञान और लेखन कार्य की प्रशंसा करते हुए मुरारी की चौपाल प्रकाशित होने पर समस्त समाज को बधाइयां दी। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह ने भारतीय इतिहास संकलन समिति के द्वारा संभल में बिखरे इतिहास को संकलित करने तथा नई-नई खोज को लिपिबद्ध करने एवं यहां की औद्योगिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और साहित्यिक परंपराओं को पुनर्जीवित करने की बागडोर, समिति के जिला अध्यक्ष के रूप में अजय कुमार शर्मा को सौंप कर प्रशंसनीय कार्य किया है जो निश्चित रूप से सार्थक और सफल होगा। समारोह अध्यक्ष अशोक कुमार गर्ग, मुख्य अतिथि डॉक्टर बीना रुस्तगी, विशिष्ट अतिथि चौधरी हरेंद्र सिंह एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ अनामिका यादव, जिला सह मंत्री निलेश यादव, प्रांत संगठन मंत्री डॉ. कुलदीप कुमार त्यागी,नेहा मलय, भारतीय इतिहास संकलन समिति के जिला अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा, कार्यक्रम संयोजक सुभाष चंद्र शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष पंकज सांख्यधर, डॉ. डी एन शर्मा, काव्य संग्रह मुरारी की चौपाल का पुष्प वर्षा के मध्य करतल ध्वनि के साथ विमोचन एवं लोकार्पण किया।
इस अवसर पर नरौली निवासी अग्रवाल सभा के अध्यक्ष तथा विश्व हिंदू परिषद के जिला सेवा प्रमुख राजेश कुमार गुप्ता को उनकी संवेदनशीलता, ईमानदारी, समाज के प्रति समर्पण, और दिन-रात देश धर्म समाज की अलख जगाने के लिए संकलन समिति के प्रांतीय अधिकारियों ने शॉल उढाकर प्रतीक चिन्ह के साथ उनकी पुनीत भावना के लिए नमन करते हुए सम्मानित किया। मनचस्थ सभी अतिथियों और भारतीय इतिहास संकलन समिति के जिला एवं प्रांत के पदाधिकारियों ने रचनाकार अतुल कुमार शर्मा को शॉल उढाकर, माल्यार्पण के साथ प्रतीक चिन्ह देते हुए उनका अच्छे कार्य के लिए अभिनंदन किया। जगदीश शर्मा, नवीन कुमार शर्मा, प्रेम रस्तोगी, निशि कांत तिवारी, सत्यवीर सिंह पाल, मुकेश कुमार शर्मा, आशा गुप्ता आदि ने अपने विचार व्यक्त किये।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधक तथा भारतीय इतिहास संकलन समिति के संरक्षक अशोक कुमार गर्ग ने की और संचालन समिति के जिला सहमंत्री सुबोध कुमार गुप्ता ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *