सफरी की सगी बहनों को आत्महत्या को उकसाने वाली महिला गई जेल

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। जनपद के थाना क्षेत्र के सफरी गांव मे दो सगी बहनों को आत्महत्या के लिए उकसाने की आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया। दूसरे आरोपी महिला के चचेरे देवर को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। थाना फतेहगंज पश्चिमी के प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, रोहित तोमर एवं पायल रानी की टीम ने शुक्रवार को अगरास तिराहा से सफरी निवासी चांदनी मौर्य को गिरफ्तार किया। जेल भेजने से पूर्व पुलिस ने चांदनी से पूछताछ की तो पता चला कि दूसरा आरोपी आकाश मौर्य उसका चचेरा देवर है। वह महाराष्ट्र के कोल्हापुर में पत्थर क्रशर पर हेल्पर का काम करता है। उसने आकाश मौर्य से मरने वाली छोटी बहन से बात कराई थी। होली पर आकाश जब घर आया तो उसने किशोरी को फोन दिया था। यह फोन उसके घरवालों ने देख लिया तो पूरा मामला खुल गया। इसको लेकर दोनों परिवारों में विवाद भी हुआ था। सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार देर रात पुलिस ने आरोपी आकाश मौर्य को भी हिरासत में ले लिया। बुधवार को फतेहगंज पश्चिमी के गांव में घर में ही दो बहनों के शव मिले थे। एक का शव जमीन पर पड़ा था और दूसरी का फंदे पर लटका था। पोस्टमार्टम में दोनों के फंदा लगाकर खुदकुशी करने की पुष्टि हुई थी। इस मामले में उनके परिजन ने चांदनी मौर्य और आकाश मौर्य के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।