धूमधाम से मनाई गई भगवान परशुराम की जयंती, निकाली बाइक रैली

बरेली। शुक्रवार को भगवान परशुराम की जयंती जिले भर मे धूमधाम के साथ मनाई गई। परशुराम सेना ने भगवान श्री परशुराम के जन्मोत्सव के मौके पर बाइक रैली निकालकर महाआरती की। इस दौरान भगवान परशुराम के लगे जयकारों से नाथनगरी गूंजायमान हो गई। शुक्रवार की दोपहर परशुराम सेना के बैनर तले प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन गुप्ता के नेतृत्व में अलखनाथ मंदिर परिसर में सभी एकत्र हुए। मुख्य अतिथि गुलशन आनंद ने भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर रैली को हरी झंडी दिखा रवाना किया। भगवान श्री परशुराम के जयघोष के साथ बाइक, चार पहिया वाहनों के साथ सैकड़ों की संख्या में परशुराम सेना के लोगों ने रैली निकाली। भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव पर ढोल-नगाड़ों के साथ पुष्प वर्षा करते हुए किला, साहूकारा, बड़ा बाजार, जिला पंचायत, कस्तूरबा विद्यालय होते हुए नावल्टी से सिविल लाइंस हनुमान मंदिर पहुंची। भगवा रैली का मार्ग में कई जगह व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। सिविल लाइंस हनुमान मंदिर में भगवान श्री परशुराम की 251 दीपों को प्रज्ज्वलित कर भव्य महाआरती की गई। भगवान परशुराम को प्रसाद का भोग लगाकर सभी परशुराम सैनिकों, भक्तों में वितरित किया गया। परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन गुप्ता ने कहा कि हम शासन, प्रशासन से मांग करते हैं कि चौकी चौराहा को भगवान श्री परशुराम चौक घोषित कर भगवान श्री परशुराम जी की भव्य प्रतिमा स्थापित कराया जाए। इस मौके पर परशुराम सेना के मुख्य पदाधिकारी प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयपाल सिंह, अजय पाल, माला गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, आशीष सिंह, मुकुल कुमार, अमित गुप्ता, रवि सागर, विनय आदि रहे। वही कवियों ने साहित्यिक संस्था कवि गोष्ठी आयोजन समिति के तत्वावधान में साहूकारा में अक्षय तृतीया एवं भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर आध्यात्मिक काव्य गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसका संयोजन कवि मिलन कुमार और अध्यक्षता साहित्यकार रणधीर प्रसाद गौड़ धीर ने की। मुख्य अतिथि बृजेंद्र अकिंचन एवं विशिष्ट अतिथि राम कुमार अफरोज रहे। गोष्ठी में कवियों ने भगवान परशुराम को समर्पित अपने सरस काव्य पाठ से उनकी महिमा का गुणगान किया। इस दौरान संस्था के सचिव उपमेंद्र सक्सेना, डॉ.रेनू श्रीवास्तव, रामकुमार कोली, डॉ.राम शंकर शर्मा प्रेमी, राम प्रकाश सिंह ओज, राज कुमार अग्रवाल, प्रताप मौर्य मृदुल, रीतेश साहनी आदि उपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।