बरेली। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर दिए गए बयान को लेकर बुधवार को सपाई भड़क गए। मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। धक्का-मुक्की भी की गई। दिल्ली मे एक न्यूज चैनल से बातचीत मे सीएम रेखा गुप्ता ने अखिलेश यादव को लेकर टिप्पणी की थी। बुधवार को पदाधिकारी और कार्यकर्ता सपा कार्यालय पर पहुंचे और बैठक की। इसके बाद महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मिता यादव संगठन की महिलाओं के साथ पटेल चौक जाने के लिए निकली। सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव महिला सिपाहियों के साथ आए। लोहिया द्वार पर पुलिस ने जीप लगा दी। महिलाओं ने पुतला फूंकने का प्रयास किया तो पुलिस से नोकझोंक और धक्का-मुक्की होने लगी। पुलिस ने महिलाओं से पुतला छीनकर गाड़ी मे डाल दिया। पुतले का कुछ टुकड़ा रह गया, जिसे जलाकर विरोध दर्ज कराया। महिला कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की नोकझोंक देख यूथ ब्रिगेड और समाजवादी छात्र के लोग दूसरे रास्ते से पटेल चौक पहुंच गए और सीएम का पुतला फूंक दिया। इस दौरान प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी भी की।।
बरेली से कपिल यादव