संदिग्ध परिस्थितियों विवाहिता ने फांसी लगाकर देहलीला की समाप्त

आजमगढ़ – रौनापार थाने के सपहा पाठक गांव स्थित ससुराल में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता ने पंखे में साड़ी का फंदा लगाकर मौत को गले लगा दिया। ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गये। सोमवार को सूचना मिलने पर मायका पक्ष मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए तहरीर दिया है ।
रौनापार थाने के सपहा पाठक गांव निवासिनी 24 वर्षीय विवाहिता सुनीता देवी पत्नी शैलेन्द्र राम रविवार की रात खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गयी। जबकि उसका पति व सास-ससुर बाहर बरामदे में सोये थे। रात में किसी समय विवाहिता ने घर के कमरे में पंखे के हुक से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। सोमवार की सुबह जब ससुराल वाले जागे तो उन्होंने देखा कि वह फंदे से झूल रही है। इसके बाद ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गये। इस बीच किसी ने विवाहिता के मायके मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के अतरसावा गांव में इसकी सूचना दे दी। सूचना मिलने पर विवाहिता की मां मंती देवी अपने गांव के कुछ लोगों के साथ सुबह 11 बजे पहुंची तो देखा कि उसकी पुत्री कमरे के अंदर बेड पर मृत पड़ी है। मायका पक्ष ने इसकी सूचना रौनापार थाने को दिया तो मौके पर एसओ विकास चंद्र पांडेय पहुंचे।
पुलिस मौका मुआयना करने के बाद विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर थाने चली गयी। विवाहिता के पिता रामदुलारे बाहर कहीं कमाते हैं। वहीं विवाहिता का पति शैलेन्द्र घर पर ही रहकर मजदूरी का कार्य करता है। विवाहिता की मां मंती देवी ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करके जान से मारने का आरोप लगाया तथा थाने में ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी। बताते चलें कि विवाहिता सुनीता की शादी शैलेन्द्र से दो वर्ष पूर्व हुई थी तथा उसे एक पांच माह की बच्ची भी है।

रिपोर्ट-राकेश वर्मा आजमगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।