लखनऊ। बुधवार को बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी ने शिक्षामित्रों के प्रतिनिधिमंडल को कार्यालय लखनऊ मे वार्ता के लिए बुलाया गया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बेसिक शिक्षा मंत्री को शिक्षामित्रों की समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन भी दिया और उनका शीघ्र निदान किए जाने का अनुरोध किया। बेसिक शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों से शिक्षामित्र की समस्याओं का परीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से वार्ता कर पुनः प्रतिनिधिमंडल को बुलाया जाएगा जिसमें समस्या का हल निकलेगा। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार शुक्ला व मंत्री सुशील कुमार यादव, कोषाध्यक्ष रमेश मिश्रा ने संगठन का एक ज्ञापन भी सौंपा। जिसमें शिक्षामित्रों के स्थायीकरण सहित 12 महीना 62 वर्ष के साथ शिक्षामित्रों का सम्मानजनक वेतनमान का प्रस्ताव प्रमुख रहा। जनपद चंदौली और फर्रुखाबाद के पिछले मानदेय भुगतान हेतु मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किया। बैठक मे महानिदेशक स्कूल शिक्षा अनामिका सिंह, डायरेक्टर बेसिक सर्वेंद्र विक्रम सिंह,ललिता प्रदीप, ज्वाइंट डायरेक्टर गणेश सहित शिक्षामित्र प्रतिनिधिमंडल में श्रीराम द्विवेदी, त्रिभुवन सिंह, सुधाकर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
