वर्तमान सरकार से देश की गंगा-जमुनी तहजीब को खतरा: नसीमुद्दीन सिद्दीकी

झाँसी। कांग्रेस में नई जान फूंकने और आगामी लोकसभा चुनावों के लिए जीत का मंत्र फूंकने आए पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने आज झांसी के लक्ष्मी गार्डन में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि अभी तक सभी राजनैतिक दल मुसलमानों को अपने फायदे के लिए ठीक उस तरह इस्तेमाल करते रहे हैं, जैसे बिरयानी में तेजपत्ते का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि जब तक सभी मुसलमान एक नहीं होंगे, तब तक किसी का भी भला होने वाला नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि देश का प्रधानमंत्री बेरोजगारों को रोजगार देने के बजाए पकौड़े तलने की सलाह देता है। इसलिए अब एमबीबीएस और बीएएमएस की डिग्रियां बेकार हो जाएंगे, क्योंकि आगे चलकर उन्हें पकौड़े ही तलने हैं। वर्तमान सरकार से देश की गंगा-जमुनी तहजीब को खतरा है। उन्होंने कहा कि वे कांशीराम के विचारों से प्रभावित होकर बसपा में गए थे। अब कांशीराम नहीं रहे, इसलिए उनके विचारों से पार्टी भटक गई है। इसलिए उन्होंने भी पार्टी छोड़ कांग्रेस ज्वाइन की है।

बसपा से गठबंधन के सवाल पर नसीमुद्दीन ने कहा कि फिलहाल बसपा के साथ कोई गठबंधन नहीं है। बसपा ने अभी एक हाथ दे एक हाथ ले वाली राजनीतिक पहल की है। भविष्य में क्या होगा? इस बारे में फिलहाल उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी व पूर्व विधायक बृजेंद्र व्यास उर्फ डमडम का पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य व अन्य कांग्रेसियों ने सम्मान व स्वागत किया।

इस मौके पर विधायक पृथ्वीपुर बृजेंद्र राठौर, कपिल रेजा, हाजी असफाक, नूर अहमद मंसूरी, एके सोनी, डॉ. सुनील तिवारी, राहुल रिछारिया, लल्लन महाराज, भानू सहाय, अशोक सक्सेना, रघुराज शर्मा, पंकज मिश्रा नोटा, विजय भारद्धाज, रामकुमार शुक्ला आदि सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस को कहा डूबता जहाज

नसीमुद्दीन सिद्दीकी के सम्मान समारोह में आयोजित कार्यक्रम में उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई जब कांग्रेस के शहर अध्यक्ष ने अपनी ही पार्टी की हकीकत बयां कर दी। हालांकि, बाद में उन्होंने भूल सुधारने का प्रयास किया। जब शहर अध्यक्ष इम्तियाज हुसैन के बोलने की बारी आई तो उन्होंने कहा कि जीवन भर जिस पार्टी ने सम्मान दिया, पार्षद बनवाया, इज्जत और समाज में मुकाम दिया। आज वही कांग्रेस एक ऐसा जहाज है जो फिलहाल डूबता जा रहा है। उनके इतना कहते है कार्यक्रम में सन्नाटा खिंच गया। स्थिति असहज होते देख उन्होंने तत्काल भूल सुधारते हुए कहा कि इस डूबते जहाज को उभारने के लिए ही कांग्रेस में आए हैं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी। अब मुसलमानों के लिए पार्टी को नया नेता मिल गया है। उनके आने से मुसलमानों को ताकत मिलेगी

झाँसी आगमन पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी का स्वागत

उत्तर प्रदेश शासन के पूर्व कबीना मन्त्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के झाँसी आगमन पर उनका स्वागत किया गया। कांग्रेसियों के साथ व्यापारी संगठनों ने भी नसीमुद्दीन का माल्यार्पण किया। भारत सरकार के पूर्व केन्द्रीय मन्त्री प्रदीप जैन “आदित्य” के निर्देशन में लक्ष्मी गार्डन में कांग्रेस की सदस्यता लेने पर उनका स्वागत समारोह आयोजित हुआ। उनके साथ बृजेन्द्र व्यास, हाजी अशफ़ाक़, नूर अहमद मंसूरी व हज़ारों लोगों ने सदस्यता ली। अध्यक्षता शहर कांग्रेस अध्यक्ष इम्तियाज़ हुसैन ने की। स्वागत समारोह के पश्चात् इम्तियाज़ हुसैन के निवास पर भोज कार्यक्रम हुआ। इसमें शहर के गणमान्य लोगों व जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान एनएसयूआई की राष्ट्रीय मीडिया को ऑर्डिनेटर श्रीमती एस नोमान, महिला कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष श्रीमती नीता अग्रवाल, आरिफ़ सलीम, सौरभ यादव, सोहिल मंसूरी, समीर मंसूरी, अफ़ज़ाल हुसैन, श्रीमती सरला भदौरिया, अख़लाक़ मकरानी आदि मौजूद रहे।
-उदय नारायण, झांसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।