बरेली। नगर निगम इन दिनों तेजी से अपनी अवैध कब्जे की जमीन को खाली कराने में जुटा हुआ है। शुक्रवार को भी नगर निगम की टीम ने नवादा जोगियान मे बनखंडी नाथ मंदिर के आस-पास अवैध कब्जा की हुई अपनी जमीन को खाली कराया। यहां पर अवैध रूप से बनी सभी दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। हालांकि कब्जा हटाने को लेकर अतिक्रमणरियों ने इकट्ठा होकर हंगामा कर दिया। जेसीबी के सामने खड़े हो गए। वही इसी दौरान किसी अराजकतत्व ने कूड़े में आग लगा दी। इससे लोगों मे खलबली मच गई। आग बुझाने के लिए अग्निशमन की गाड़ी को बुलाना पड़ा। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने बताया कि वनखंडीनाथ मंदिर के पास नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकानें बना ली गई। नोटिस के बाद भी दुकानों को नहीं हटाया गया। शुक्रवार को उनके नेतृत्व मे टीम कार्रवाई करने पहुंची। नगर निगम की टीम ने पहले कब्जेदारों से खुद कब्जा हटाने को कहा। एक-दो कब्जेदारों को छोड़कर किसी ने भी कब्जा हटाना शुरू नही किया तो टीम ने जेसीबी से दुकाने हटानी शुरू कर दी। इसके बाद कब्जेदारों ने अपना सामान समेटना शुरू किया। अतिक्रमण दस्ता प्रभारी जयपाल सिंह पटेल ने बताया कि रेत, बजरी वालों ने भी जमीन पर कब्जा कर रखा था। टीम ने रेत से वही के गड्ढे पाट दिए। इस पर लोगों हंगामा भी किया। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान कब्जे हटवा दिए गए। इस दौरान किसी अराजकतत्व ने कूड़े के ढेर में आग लगा दी। अपर नगर आयुक्त ने अग्निशमन को सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। अभियान रुकवाने के लिए कुछ छुटभैया नेता भी अपनी नेतागिरी दिखाने में जुटे थे। मगर टीम ने उन्हें भी लताड़ दिया।।
बरेली से कपिल यादव
