बरेली। कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) को लेकर रविवार को बैठक हुई। एसएसआर के तहत 21 नवम्बर, 22 नवम्बर, 28 नवम्बर और 29 नवम्बर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि 17 नवम्बर को एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसम्बर तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है। डीएम ने निर्देश दिए कि 17 नवम्बर से 20 नवम्बर तक निर्वाचक नामावली का विशेष रूप से परीक्षण कराया जाए। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्रों की मतदाता सूची का बारीकी से सत्यापन करें तथा नाम, आयु, लिंग, फोटो एवं पते से संबंधित त्रुटियों को चिन्हित कर आवश्यक संशोधन की कार्रवाई सुनिश्चित करें। किसी मतदाता के विवरण में त्रुटि पाए जाने पर नियमानुसार फार्म-8 भरवाकर संशोधन कराया जाए, जिससे मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके। ड़ीएम ने विशेष अभियान दिवसों पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कहा कि बीएलओ मतदाताओं से फार्म-6, फार्म-6ए फार्म-7 एवं फार्म-8 प्राप्त करें। सभी प्राप्त आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने युवा मतदाताओं, महिलाओं तथा ऐसे पात्र नागरिकों पर विशेष ध्यान देने को कहा जिनका नाम अभी तक वोटर लिस्ट मे नहीं है।।
बरेली से कपिल यादव
