Breaking News

रामायण वाटिका में श्रीराम की 51 फुट ऊंची प्रतिमा होगी स्थापित

बरेली। बीडीए की रामगंगा नगर आवासीय योजना स्थित रामायण वाटिका मे विकास कार्य कराए जा रहे हैं। अब यह वाटिका जल्द ही आस्था की नई पहचान बनने जा रही है। यहां भगवान श्रीराम की 51 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस विशालकाय प्रतिमा का निर्माण कांसे से हो रहा है। देश के प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार इसे बना रहे हैं। वहीं जल्द ही रामायण वाटिका का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। यह जानकारी शनिवार को रामगंगा नगर आवासीय योजना में आयोजित प्रेसवार्ता में बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने दी। बीडीए के एक्सईएन एपीएन सिंह ने बताया कि रामायण वाटिका में प्रभु श्री राम की जो प्रतिमा स्थापित होगी, उसकी फाउंडेशन का कार्य चल रहा है। लोकार्पण की तैयारियां भी तेजी से की जा रही है। इसके साथ ही वाटिका में पंपा सरोवर, राम सेतु और भव्य वाल म्यूरल्स लगाए जा रहे हैं, जो रामायण के प्रसंगों को जीवंत करेंगे। बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि वाटिका में मियावाकी पैटर्न से विकसित दंडकारण्य वन में करीब 16500 पौधे भी लगाए गए हैं। सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए यहां ओपन एयर थिएटर भी बनाया गया है, जिसमें करीब 500 लोगों बैठने की व्यवस्था है। यहां बैठकर लोग आराम से कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *