बरेली। रामगंगा किनारे चौबारी घाट पर लगे मेला में गंगास्नान के दौरान तीन बच्चे डूब गए। वहां मौजूद गोताखोरों ने दो बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन तीसरे बच्चे का कोई सुराग नहीं लगा। बच्चे को बचाने की कोशिश में उसके पिता भी डूबने लगे, जिन्हें गोताखोरों ने बचाया। पुलिस और गोताखोरों की टीम देर रात तक नदी में बच्चे की तलाश करती रही। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आंवला क्षेत्र के गांव कमठेना निवासी चंद्र प्रकाश मंगलवार को अपने परिवार के साथ चौबारी मेले में स्नान करने आए थे। दोपहर करीब एक बजे वह अपने 12 वर्षीय बेटे मानव के साथ रामगंगा नदी में स्नान कर रहे थे। नहाने के दौरान मानव अन्य दो बच्चों के साथ गहरे पानी में पहुंचकर डूब गया। मगर वहां मौजूद गोताखारों ने अन्य दोनों बच्चों को बचा लिया लेकिन अब तक मानव का कोई पता नहीं चला। पुलिस के मुताबिक मानव को डूबता देखकर पिता चंद्र प्रकाश ने उसे बचाने का प्रयास किया और वह खुद भी नदी में डूबने लगे। मगर गोताखोरों ने चंद्र प्रकाश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सुभाषनगर पुलिस दोपहर से लेकर देर रात तक गोताखोरों के साथ नदी में लापता मानव की तलाश करती रही लेकिन कोई सुराग नही लगा। परिजन बच्चे के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल मानव का कोई सुराग नहीं मिल सका है। इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन ने बताया कि बच्चे की तलाश का अभियान जारी है।।
बरेली से कपिल यादव
