युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी, हत्या का लगाया आरोप

बरेली। समुदाय विशेष की युवती से लव मैरिज के बाद उससे अलगाव के चलते युवक ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। उसकी मां ने हत्या का आरोप लगाया है। मगर पुलिस ने अब तक कोई तहरीर मिलने से इनकार किया है। बिथरी चैनपुर की रामगंगानगर कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय आदित्य गंगवार बुधवार रात जहर खाकर घर पहुंचा और मां मंजू को इस बारे में बताया। हालत बिगड़ती देखकर परिजन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। आदित्य की मां मंजू ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे का पड़ोस में रहने वाली समुदाय विशेष की युवती से प्रेम प्रसंग था। आदित्य टेंपो चलाता था लेकिन उसके संपर्क में आने के बाद से वह अक्सर घर से बाहर रहने लगा था। एसओ बिथरी राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि आदित्य ने समुदाय विशेष की युवती से लव मैरिज की थी। उनकी एक बेटी भी है, जो उसके साथ रहती है। मगर पति-पत्नी में मनमुटाव था और दोनों करीब दो साल से अलग रहते थे। इसी वजह से जहर खाने की बात सामने आई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *