मोंठ के जंगलों में खुलेआम घूम रहे तेंदुए से ग्रामीणों में दहशत का माहौल

झाँसी। मोंठ थाना क्षेत्र के ग्राम जौरा के जंगलों में खुलेआम तेंदुआ घूम रहा है और वह चुटहिल भी है। इसके बाजवूद पुलिस व वन विभाग की टीमें तेंदुए की उपस्थिति को ही नकार रही हैं। वहीं, वे ग्रामीण तेंदुए की उपस्थिति को स्वीकार कर रहे हैं, जिन्होंने इसे आंखों से देखा है। वे किसी अनहोनी की आशंका से दहशत में हैं।

मोंठ थानाक्षेत्र के ग्राम जौरा के आसपास बीहड़ नुमा जंगल है। यहां पर जंगली जानवरों का बसेरा है। जंगलों से लगी हुई ग्रामीणों की खेती की जमीनें हैं। कुछ जंगली सुअर रात में आकर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। इस पर ग्रामीणों ने हिम्मत करके एकजुटता दिखाई और सुअरों को पकडऩे के लिए जाल बिछाया। देर रात किसी जानवर के फंसने की आवाज होने पर ग्रामीण वहां पहुंचे तो देखकर दंग रह गए। जाल में सुअर के बजाए एक तेंदुआ फंसा था। यह देख सभी घबरा गए और पुलिस व वन विभाग की टीम को सूचित कर दिया।

काफी देर तक न तो पुलिस पहुंची और न ही वन विभाग की टीम। इस बीच छटपटा रहा तेंदुआ जाल से निकल कर भाग गया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो जाल से निकलने के दौरान तेंदुआ कुछ चुटहिल भी हो गया था। घायल तेंदुआ तो अपनी जान बचाकर जंगलों में भाग गया, मगर घायल तेंदुए के पलटवार की संभावना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उधर, मोंठ पुलिस व वन विभाग के अधिकारी जंगलों में तेंदुए की उपस्थिति से ही इंकार कर रहे हैं। इसके बावजूद जंगलों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल जब तक कोई पुष्ट सूचना ग्रामीणों को नहीं मिल जाती, जौरा व आसपास के गांव में दहशत है। लोग खेतों पर जाने के बजाए घरों में दुबक गए हैं।
-उदय नारायण ,झांसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।