शाहजहांपुर – महानगर शाहजहांपुर शहर की सड़कों पर दौड़ी रही पटाखा बुलेट लोगों के लिए परेशानी बन गई है। सुबह से लेकर शाम तक सड़कों पर दौड़ रही इस पटाखा बुलेट से लोग परेशान हैं। साइलेंसर से आने वाली पटाखे की एकाएक आवाज की दशहत में आकर कई लोग वाहन से गिरकर चोटिल हो चुके हैं। शहर में इस तरह की करीब 10 पटाखा बुलेट फर्राटा भर रही हैं।शहर में पिछले कुछ समय से पटाखा बुलेट शहर के लोगों के लिए परेशानी बन गई है। सुबह से लेकर शाम तक इस तरह की बाइक सड़कों पर देखी जा रही है। कॉलेज में पढ़ने वाले कुछ छात्र भी इस तरह की बुलेट का इस्तेमाल कर रहे हैं। शहर में कई ऐसे मैकेनिक हैं जो कि बुलेट के साइलेंसर में एक डिवाइस फिट करते हैं। इस डिवाइस का एक बटन हॉर्न में लगा रहता है। इस बटन को दबाने से बुलेट के साइलेंसर से पटाखे की आवाज आती है। शहर की सड़कों पर जहां कहीं भी भीड़ भाड़ होती है। युवक इसी बटन की मदद से बुलेट से पटाखा चलाते हैं। इस पटाखा की आवाज सुनकर सड़क पर चलने वाले लोगों में कई बार भगदड़ मच जाती है। जिसके चलते कई बार लोग चोटिल भी हो जाते हैं। शहर की कई कॉलोनियों के अलावा कोचिग सेंटर के आसपास इस तरह की बाइक देखी जा रही हैं। कोचिग सेंटर में पढ़ने वाली लड़कियों को परेशान करने के लिए भी युवक इस तरह की बुलेट का इस्तेमाल कर रहे हैं।
महानगर में सड़कों पर दौड़ रही पटाखा बुलेट: पटाखा बुलेट से लोग परेशान
