मतगणना आज, 17 प्रत्याशियों की किस्मत का खुलेगा पिटारा

बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की मंगलवार को संजय कम्युनिटी हॉल में मतगणना होगी। मतगणना पूर्ण होने के बाद 17 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला हो जाएगा। प्रत्याशियों के समर्थकों को मतगणना स्थल से 100 मीटर दूर रहना होगा। चुनाव जीतने वाले प्रत्याशी को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नही होगी। संजय कम्युनिटी हॉल में मंगलवार को सुबह आठ बजे से 35149 मतों की गणना शुरू होगी। मतगणना के लिए आठ टेबल लगी हैं। एक टेबल आरओ की है। एक टेबल पर चार कर्मचारियों की ड्यूटी रहेगी। कर्मचारियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई गई है। किसी भी तरह के विवाद को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रत्येक प्रत्याशी अपने आठ मतगणना एजेंटों के साथ परिसर में प्रवेश कर सकेगा। मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी डॉ हरी सिंह ढिल्लों, सपा के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर, गुरुजी संजय कुमार मिश्रा, विमलेंद्र कुमार शर्मा, राजीव कुमार, राजेंद्र कुमार गंगवार, नरेश कुमार शर्मा, रमेश चंद्र, बहार आलम, रोहिल अल्ताफ, विद्युत कुमार, सुनीत गिरी, नाज रिजवी, नेत्रपाल, राज कुमार सिंह, रेनू मिश्रा और हरेंद्र सिंह की किस्मत का फैसला होगा। प्रत्याशियों और समर्थकों की एक-एक वोट पर नजर रहेगी। सोमवार को मंडलायुक्त, डीएम, एसएसपी ने संजय कम्युनिटी हॉल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बैरिकेडिंग, सेफ हाउस, मत मिश्रण पेटी, निरस्त मतपत्रों के लिए अलग बक्से, पेयजल और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को परखा। मतगणना परिसर में 15 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मंडलायुक्त शम्भु कुमार ने मतगणना कार्मिकों से कहा कि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतगणना कक्ष में मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। सभी कार्मिकों को मतगणना स्थल पर अनिवार्य रूप से अपना पहचान-पत्र साथ लाने तथा निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस दौरान सीडीओ देवयानी, अपर आयुक्त प्रशासन प्रीति जायसवाल, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *