बरेली। सावन के पहले सोमवार को शहर शिवभक्ति में लीन रहा। सुबह से ही नाथ मंदिरों समेत सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। भक्तों ने बाबा भोलेनाथ का गंगाजल से अभिषेक और दर्शन कर आशीर्वाद लिया। दिनभर सातों नाथ मंदिर जयकारों से गूंजते रहे। इस अवसर पर मंदिरों में भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, पुष्प, चंदन, फल और मिष्ठान्न अर्पित कर पूजा-अर्चना की। दुग्ध और गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। तड़के मंगला आरती के साथ पूजा-अर्चना शुरू हुई और दिनभर श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और फल अर्पित कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजते रहे। कांवड़िए विभिन्न मार्गों से जल लेकर मंदिरों में पहुंचे और जल चढ़ाया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख समृद्धि, की कामना करते हुए विधि-विधान से पूजा की। मंदिरों में रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया। अलखनाथ, त्रिवटीनाथ, तपेश्वरनाथ, मढ़ीनाथ, धोपेश्वरनाथ, वनखंडीनाथ और पशुपतिनाथ मंदिर में भोले के भक्तों का जमावड़ा देखने को मिला। पूरे दिन शहर में हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के जयकारे गूंजते रहे। अलखनाथ मंदिर में आधी रात के बाद से ही जलाभिषेक शुरू हो गया था। मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। भक्तों ने शिव चालीसा और आरती का पाठ किया। बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में रात दो बजे से ही भक्तों का तांता लगा रहा। त्रिवटीनाथ मंदिर के मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल ने बताया कि आरती के बाद भक्तों के लिए कपाट खोले गए। रात से शुरू हुआ जलाभिषेक शाम तक जारी रहा। भाजपा ब्रज क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, महापौर उमेश गौतम और महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने मंदिर में जलाभिषेक किया। अतिथियों ने नवनिर्मित मां जगदंबा भवानी मंदिर का अवलोकन किया। शाम को महाआरती की गई। जोगी नवादा स्थित बाबा वनखंडीनाथ मंदिर में भक्तों ने 108 शिवलिंग पर अभिषेक किया। कछला से जल लेकर लौटे कांवड़ियों ने भी जलाभिषेक किया। आनंद आश्रम रामपुर बाग में सहस्र लिंगेश्वर शिवलिंग शिवालय में रुद्राभिषेक किया गया, जिसे पंडित सचिन शर्मा ने संपन्न कराया। सुभाषनगर के तपेश्वरनाथ मंदिर, कैंट के धोपेश्वरनाथ मंदिर और पशुपतिनाथ मंदिर में भी भक्तों की भीड़ रही। महिला कांवड़ियों ने भी कछला से जल लाकर अभिषेक किया।।
बरेली से कपिल यादव
