Breaking News

ब्रह्मदेव पर स्थापित हनुमान की मूर्ति खण्डित की, लोगों में फैला आक्रोश

बहेड़ी, बरेली। ब्रह्मदेव पर स्थापित हनुमान जी की मूर्ति खण्डित किए जाने पर लोगों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही एसडीएम राजेश चन्द्र और सीओ यतेन्द्र सिंह नागर फोर्स के साथ मौके पर पहंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। अफसरों ने ब्रह्मदेव पर दूसरी मूर्ति स्थापित कराने के बाद अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गुरुवार को मोहल्ला शाहगढ़ के लोग जब सरकारी स्कूल के पास स्थापित ब्रह्मदेव के पास पहुंचे तो उन्होंने वहां हनुमानजी की मूर्ति खण्डित देखी। मूर्ति खण्डित होने की खबर लगते ही लोगों में आक्रोश फैल गया और हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही एसडीएम राजेश चन्द्र, सीओ यतेन्द्र सिंह नागर, प्रभारी निरीक्षक पंकज पंत पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों ने अफसरो से मूर्ति खण्डित करने वालों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की। जिस पर एसडीएम ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। सूचना लगते ही भाजपा विधायक प्रतिनिधि सुरेश गंगवार, भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील रस्तोगी, उपाध्यक्ष राहुल गुप्ता मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से मामले की जांच कर आरोपियों का सुराग लगाने की मांग की। प्रशासन व पुलिस ने खण्डित मूर्ति को नदी में विसर्जित कराने के बाद ब्रह्मदेव पर हनुमान जी की नई मूर्ति स्थापित करवाई। पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा की दृष्टि से ब्रह्मदेव पर दो सिपाहियों को भी तैनात कर दिया गया है। सीओ यतेन्द्र सिंह नागर ने बताया कि मूर्ति खण्डित करने वालों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खण्डित मूर्ति को विसर्जित करवाने के बाद नई मूर्ति को ब्रह्मदेव पर स्थापित करवा दिया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *