बुजुर्गों का हौसला जवान, युवाओं में उत्साह, बोले- हमने किया मतदान

पीलीभीत, बहेड़ी। पीलीभीत में बुजुर्ग, युवा व महिलाएं सभी वर्ग के मतदाता लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाने के लिए सुबह सुबह ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। पोलिंग बूथों पर लंबी-लंबी कतार लग गई। कोई अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचा तो कोई दोस्तों के साथ। मतदान को लेकर बुजुर्ग मतदाताओं का हौसला जवान दिखा। दिव्यांग मतदाताओं ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। बता दें कि पीलीभीत की चारों और बरेली की बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र को मिलाकर 1924 बूथों पर मतदान हुआ। 60 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने अपना सांसद चुनने के लिए वोट डाले। अब चार जून को चुनाव नतीजे आएंगे। शहर के 80 वर्षीय कृष्ण अवतार कंसल अपनी पत्नी को लेकर ड्रमंड इंटर कॉलेज बूथ पर मतदान करने पहुंचे। उनकी पत्नी चलने में असमर्थ हैं। इसीलिए वह उन्हें स्कूटी पर बैठाकर मतदान केंद्र पहुंचे। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि सभी को देश हित में मतदान करना चाहिए। युवा मतदाताओं में मतदान के प्रति खासा उत्साह देखा जा रहा है। युवा वोटर अंजली तोमर ने अवंतीबाई इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर मतदान किया। उन्होंने लोगों से मतदान की अपील की। माथुर रोड निवासी राहुल गुप्ता ने नगर पालिका परिसर बूथ पर मतदान किया। शहर में एक दिव्यांग मतदाता अपनी ट्राई साइकिल से मतदान करने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहुंचा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पोलिंग बूथ तक पहुंचाया। शहर के प्राथमिक विद्यालय चिड़ियादाह पोलिंग बूथ पर सुबह नौ बजे केंद्र के बाहर तक मतदाताओं की लंबी लाइन लग गई। यहां 70 वर्षीय महिला अपने नाती को लेकर मतदान करने पहुंची।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।