बिमल मिनोचा ने रोहतक विधायक पद के लिए ठोकी ताल: सरकार के काले कानूनों से प्रदेश का व्यापारी तबाह

हरियाणा/ रोहतक- भारतीय जनता पार्टी ने पिछले चार वर्षों में प्रदेश के व्यापारियों को तबाह करने का काम किया है। नोटबंदी, जीएसटी जैसे काले कानूनों से प्रदेश का व्यापारी व उद्योगपति तबाह होने के कगार पर है तथा देश-प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भारी आघात पहुंचा है।
यह बात आज हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी व्यापार प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष बिमल मिनोचा ने स्थानीय मैना पर्यटक केंद्र पर आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश से अनेक उद्योगों का पलायन हो गया है। जो कुछ बचे हुए हैं, वो भी पलायन करने को तैयार बैठे हैं। भाजपा सरकार एक तरफ तो मेक इन इंडिया का नारा देती है तो वहीं दूसरी तरफ उद्योगों को उजाड़ने का काम कर रही है।
मनोचा ने आरोप लगाया है कि हरियाणा से मारूति जैसा बड़ा उद्योग भी गुजरात में अपना प्लांट शिफ्ट करने की तैयारी में है। इससे हरियाणा के हजारों मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे तथा करोड़ों रूपयों के राजस्व का नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के व्यापारियों व उद्योगपतियों पर इस समय भारी कर्ज है तथा वे इस कर्ज को वापिस लौटाने की दशा में नहीं हैं। वहीं सरकार बैंकों की मार्फत व्यापारियों की संपत्तियों की कुर्की करवाने की कोशिश कर रही है, जिससे व्यापारी व उद्योगपति पूरी तरह से बर्बाद हो जाएंगे।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी व्यापार प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष ने सरकार से चार वर्षों के दौरान उद्योग नीति पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा व्यापारियों से कर एकत्रित करके अनाप-शनाप की योजनाओं पर खर्च कर रही है। जिससे प्रदेश की जनता का कोई भला होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने प्रदेश को भारी उद्योगों का हब बना दिया था। चारों तरफ औद्योगिक विकास हुआ तथा हरियाणा का व्यापारी सुख की सांस ले रहा था।
एक सवाल के जवाब में बिमल मिनोचा ने कहा कि वे रोहतक विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदार हैं। उनके पिता बंसीलाल मिनोचा भी शुरू से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए वे भी कांग्रेस के समर्थक हैं। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी हाईकमान ने चाहा तो वे रोहतक विधानसभा क्षेत्र से विधायक के लिए चुनाव लड़ सकते हैं।
उनका कहना था कि आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है तथा कांग्रेस शासन आने पर व्यापारियों को कई तरह की छूट दी जाएंगी। व्यापारियों व उद्योगपतियों के लिए विशेष नीति बनाई जाएगी ताकि देश व प्रदेश में विकास की नई बयार बह सके।
पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्य रूप से एडवोकेट आनंद हुड्डा, कृपाल सिंह गुलाटी, नरेन्द्र कौशिक, पंकज कपूर, एडवोकेट सुनील, मनोज वशिष्ठ आदि कांग्रेस कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।