बागेश्वर धाम में वर्षायोग के लिए साधुओं ने किया हवन

*नीचे साधुओं का समागम,ऊपर से मेघ बरसे झमाझम

*संत समारोह के प्रारंभ होते ही जमकर हुई बारिश

छतरपुर। क्षेत्र के प्रख्यात धार्मिक स्थल ग्राम गढ़ा गंज में स्थित बागेश्वर धाम में बुधवार को संत समाज का समागम आयोजित किया गया। क्षेत्र में अच्छी वर्षा की कामना के साथ साधुओं ने भगवान बालाजी और महादेव की पूजा अर्चना की। तदोपरांत धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने सभी साधु, संतों का चरण धोकर सम्मान किया। उन्हें पट्टिका और तिलक के साथ सुशोभित करते हुए भोजन कराया गया। धाम पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान जमकर वर्षा शुरू हुई। पूरे जिले में मंगलवार और बुधवार को पहली बार इस मानसून की अच्छी बारिश हुई है। 

दोपहर 12 बजे धाम पर आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में जिले भर के विभिन्न मठ मंदिरों से आए साधु संतों ने सर्वप्रथम भगवान बालाजी की पूजा अर्चना की। तदोपरांत विश्व कल्याण की कामना के साथ हवन-पूजन किया  गया। साधु, संतों पर पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने पुष्प वर्षा की और उनका सम्मान किया। इस अवसर पर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि साधु संत अपना संपूर्ण जीवन प्रकृति और जीव के कल्याण की भावना के साथ व्यतीत करते हैं। भक्ति के सागर में डुबकी लगाने वाले साधु संत मात्र शरीर नहीं अपितु चरित्र होते हैं। इस अवसर पर महाराजश्री के द्वारा साधु संतों को पौधों का वितरण किया गया। 

ये रहे उपस्थित 

धाम पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी, बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू, महाराजपुर विधायक नीरज दीक्षित, दमोह विधायक अजय टंडन, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व नपाध्यक्ष अर्चना सिंह, छतरपुर जनपद के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र मोनू यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। धाम से जुड़े शिष्यों ने साधु संतों की सेवा कर उनका आशीर्वाद लिया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।