बलात्कार में नाकाम युवक ने छात्रा पर किया चाकू से हमला

झाँसी। योगी सरकार में अपराधियों में अजीब ही दिलेरी देखने को मिल रही है। एक के बाद एक घटनाएं हो रही हैं। विशेषकर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के तमाम दावे करने वाली इस सरकार में उन पर ही उत्पीडऩात्मक कार्रवाई हो रही है अथवा उनका मान भंग करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई का खौफ नाममात्र को भी नहीं रह गया। इसलिए शायद अपराधी अब घरों तक पहुंचकर इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है। जहां एक तरफा प्यार में पागल युवक ने एक किशोरी के घर में घुसकर न सिर्फ उसके साथ बलात्कार का प्रयास किया, बल्कि उसे जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। घायल लडक़ी को उसने फांसी लगाकर जान से मारने की भी कोशिश की, मगर लडक़ी के बेहोश होने पर वह घबराहट में वहां से भाग गया। घटना की सूचना पाकर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को झांसी के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। घटना के समय घर पर लडक़ी अकेली थी और उसकी मां अपनी डयूटी पर गई थी।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हंसारी में रहने वाली पिंकी (काल्पनिक नाम) के पिता की मौत के बाद उसकी मां कामिनी (काल्पनिक नाम) नौकरी करने लगी थी। पिंकी अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। वह कक्षा 11 की छात्रा है। आज प्रतिदिन की भांति मां नौकरी पर गई थी। पिंकी घर पर अकेली थी। पिंकी के अनुसार दिन में किसी ने दरवाजे की घंटी बजाई। वह बाहर आई तो एक युवक खड़ा था। उसके दरवाजा खोलते ही युवक अंदर आ गया और उसका मुंह दबाकर उसके साथ अश£ील हरकतें करने लगा। उसने विरोध किया तो युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश होकर गिर पड़ी। काफी देर बाद जब उसे होश आया तो उसने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। तब तक हमलावर वहां से भाग चुका था। पड़ोसियों ने इसकी सूचना डायल 100 को दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिंकी को लेकर एक नर्सिंग होम आ गई। यहां उसका उपचार किया गया।

उधर, जानकारी लगते ही पिंकी की मां कामिनी भी आ गई। उसने बताया कि एक युवक आए दिन उसकी बेटी से छेडख़ानी करता था। उसे कई बार रोका, मगर वह नहीं माना। आज उसकी बेटी घर पर अकेली थी। इसी दौरान वह युवक आया और उसके साथ बलात्कार का प्रयास किया। असफल होने पर युवक ने उसकी बेटी के साथ इस घटना को अंजाम दिया। वहीं डायल 100 के उपनिरीक्षक वेद प्रकाश ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। अब मामले की जांच प्रेमनगर थाने की पुलिस करेगी।

उधर, घटना स्थल पीडि़त लडक़ी पिंकी के घर का नजारा कुछ और ही बयान कर रहा था। घर में बेड के पास काफी खून पड़ा था। बेड के ऊपर एक मेज रखी थी और पास ही बेल्ट पड़ा था। गद्दे पर 315 बोर का जिंदा कारतूस पड़ा था। यानि हमलावर के पास तमंचा भी था। उसने घायल करने के बाद पिंकी को जान से मारने की नीयत से फांसी के फंदे पर लटकाने का भी प्रयास किया, मगर उसकी बेहोशी के कारण वह सफल नहीं हुआ और भाग गया। भागते समय उसका कारतूस एवं चमड़े का बेल्ट वहीं गिर गया। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
-उदय नारायण, झांसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।