बटेगा पौधों का लंगर, गूंजेगी गुरूनानक की वाणी: गुरूद्वारे में कल मनेगा विशेष पर्यावरण सुरक्षा दिवस

*सिख धर्म की प्रख्यात धर्म प्रचार संस्था गुरू गोबिंद सिंह स्टडी सर्कल के स्टेट कन्वीनर ब्रजेंदर पाल सिंह होंगे मुख्य अतिथि

* श्री गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित आयोजन

*मानवीय सेवा के लिए धराधाम प्रमुख डॉ सौरभ को भी किया जाएगा सम्मानित

गोरखपुर। सिख धर्म की पहचान है सेवा, भक्ति और शौर्य। सिख परंपरा में सेवा का भाव एक ऐसी कड़ी है, जिसे जीने के लिए गुरु कृपा से प्रत्येक सिख समर्पित रहता है। सेवा के इसी भाव का एक सुंदर प्रमाण कल गुरूद्वारा जटाशंकर में देखने को मिलेगा, जहां विशेष कार्यक्रम के दौरान प्रथम बार श्रद्धालुओं को गुरू के परंपरागत लंगर के साथ समूचे विश्व में पर्यावरण सुरक्षा को लेकर एक-एक पौधा भी भेंट किया जाएगा, ताकि आम जनमानस पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सके।
उक्त जानकारी उत्तर प्रदेश पंजाबी एकेडमी के सदस्य एवं विश्वस्तरीय धराधाम के निदेशक जगनैंन सिंह नीटू एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जसपाल सिंह ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 श्री गुरुनानक देव जी महाराज के जगत अवतरण दिवस का 550वां वर्ष है। इस वर्ष पूरी दुनियां की तरह गोरखपुर में सिख समाज द्वारा गुरुनानक महाराज को समर्पित रखकर ऐसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे सर्व समाज को प्रेरणा मिले। ये आयोजन इसी श्रृंखला की एक अति महत्वपूर्ण कड़ी है।
आयोजकों के मुताबिक 16 जुलाई, दिन- मंगलवार को सुबह आठ से ग्यारह बजे तक गुरुनानक महाराज को समर्पित विशेष पर्यावरण सुरक्षा दिवस मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिख धर्म की विश्व प्रसिद्ध धर्म प्रचार संस्था गुरू गोबिंद सिंह स्टडी सर्कल के स्टेट कन्वीनर एवं प्रख्यात विद्वान वीर ब्रजेंदर पाल सिंह जी होंगे,जिनके द्वारा पहले डेढ़ घंटे तक गुरुनानक देव जी महाराज के जगत आगमन के उद्देश्य पर लेक्चर होगा। तदोपरांत कीर्तन वह अरदास के बाद प्रसाद वितरण के समय बड़ी संख्या में उपस्थित समस्त श्रद्धालुओं को लंगर के साथ विभिन्न प्रकार का एक-एक पौधा उपहार में देकर उन्हें आजीवन पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प दिलाया जाएगा।
आयोजकों ने पर्यावरण सुरक्षा के विषय की गंभीरता को समझते हुए सर्व समाज से इस कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है।इस अवसर पर मानवीय सेवा एवम धार्मिक एकता की अलख जगाने वाले विश्वस्तरीय धराधाम प्रमुख मनीषी डॉ सौरभ पाण्डेय को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।