पीईटी 2026 : अंतिम दिन 13921 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, बोले- करंट अफेयर के सवालों ने किया परेशान

बरेली। जनपद मे उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) आयोजित हुई। रविवार को परीक्षा का अंतिम दिन रहा। परीक्षा 23 केंद्रों पर आयोजित की गई। अंतिम दिन पंजीकृत 20688 अभ्यर्थियों में से 13921 उपस्थित हुए जबकि 6767 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। रविवार को प्रथम पाली में 10344 में से 6921 अभ्यर्थी पहुंचे, जबकि दूसरी पाली में 10344 में 7000 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जिले में तीन अलग-अलग तारीखों पर हुई परीक्षा में कुल 62328 पंजीकृत रहे, इनमें से 41663 यानी 66.8 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है। रविवार को भी अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि इस बार परीक्षा में सर्वाधिक करेंट अफेयर पिछले वर्ष से पूछे गए। जैसे 2025 में आसियान की बैठक की मेजबानी किस देश ने की, किसी वरिष्ठ अभिनेता को 2023 के लिए सितंबर 2025 में 71वां नेशनल फिल्म अवार्ड मिला। 2025 में भारत की पहली विदेशी रक्षा विनिर्माण सुविधा किस देश में चालू हुई आदि प्रश्न शामिल रहे। वहीं, रीजनिंग व गणित का स्तर मॉडरेट बताया, वहीं अंग्रेजी, हिंदी प्रश्नों को आसान बताया। बरेली के बीएल इंटरनेशनल में दो केंद्र, बरेली कॉलेज में पांच केंद्र, भरत इंटर कॉलेज, बिशप मंडल इंटर कॉलेज, सीएएस इंटर कॉलेज, छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया में दो केंद्र, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, कुंवर रणजीत सिंह इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, रोहिलास इंटरनेशनल स्कूल, साहू गोपीनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री गुलाब राय इंटर कॉलेज, श्री गुरु गोबिंद सिंह इंटर कॉलेज, श्री पीसी आजाद इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज मे परीक्षा हुई। बदायूं की मंजू ने बताया कि प्रश्न पत्र मॉडरेट रहा है, इसमें गणित से भी कठिन करेंट अफेयर के प्रश्न रहे। जिसमें वर्ष 2025 से करीब 6-7 सवाल क्रम से पूछे गए। वहीं, रीजनिंग के सवाल भी मेरे लिए कठिन रहे। निधि ने बताया कि प्रश्न पत्र ठीक था, गणित व रीजनिंग के सवाल मुश्किल रहे हैं। वहीं, करंट अफेयर में पिछले वर्ष के अधिक जबकि इस वर्ष के प्रश्न कम पूछे गए। अमेठी के शेर सिंह ने कहा कि परीक्षा बहुत अच्छी नहीं हुई। तैयारी बीच में छूट गई थी, लेकिन प्रश्न पत्र औसत रहा है, इसमें भी कुछ प्रश्न गणित व कुछ करंट अफेयर के सवाल काफी मुश्किल लगे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *